IPL से 200 करोड़ से ज्यादा की कमाई, विज्ञापनों से भी करोड़ों की फीस… धोनी ने ऐसे खड़ा किया 1000 करोड़ का साम्राज्य
IPL से ही कमा चुके हैं 200 करोड़ रुपये से ज्यादा
महेंद्र सिंह धोनी की संपत्ति बढ़ाने में आईपीएल की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने साल 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ इस लीग में अपना सफर शुरू किया था। पहले सीजन में फ्रेंचाइजी ने उन्हें 6.03 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके बाद उनके शानदार प्रदर्शन और बढ़ती लोकप्रियता के साथ उनकी फीस में भी लगातार इजाफा हुआ।
कई सीजन में धोनी को 12 से 15 करोड़ रुपये तक की रकम पर टीम में बरकरार रखा गया। हालांकि, 2026 के आईपीएल सीजन में उन्हें 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया था। उपलब्ध रिपोर्ट्स के अनुसार, धोनी अब तक आईपीएल से 200 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुके हैं।
एक विज्ञापन शूट के लिए लेते हैं 4 से 6 करोड़ रुपये
क्रिकेट के अलावा विज्ञापन और ब्रांड से जुड़ाव धोनी की कमाई का बड़ा जरिया है। उनकी लोकप्रियता और भरोसेमंद छवि के चलते देश-विदेश की कई कंपनियां उन्हें अपने ब्रांड का चेहरा बना चुकी हैं।
उनके विज्ञापन पोर्टफोलियो में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, जियोमार्ट, फायर बोल्ट, स्वराज ट्रैक्टर्स, गल्फ ऑयल, मास्टरकार्ड, ओरिएंट इलेक्ट्रिक और पैनासोनिक जैसे बड़े नाम शामिल हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, धोनी एक विज्ञापन शूट के लिए करीब 4 से 6 करोड़ रुपये तक की फीस लेते हैं।
ऑटोमोबाइल, बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में उनकी मौजूदगी बताती है कि क्रिकेट के मैदान से बाहर भी उनकी ब्रांड वैल्यू कितनी मजबूत है।
स्टार्टअप से लेकर फिल्म निर्माण तक फैला कारोबार
धोनी ने अपनी कमाई को सिर्फ क्रिकेट और विज्ञापनों तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने कई कंपनियों और स्टार्टअप में निवेश करके कारोबार के अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी बनाई है।
उनका प्रोडक्शन हाउस धोनी एंटरटेनमेंट भी इसी कारोबारी विस्तार का हिस्सा है। इसके अलावा उन्होंने ब्लूस्मार्ट, खाताबुक, कार्स24, गरुड़ एयरोस्पेस, कूकू, लाइटफ्यूरी गेम्स और सुपरहेल्थ जैसे कारोबारों में निवेश किया है।
साल 2016 में उन्होंने स्पोर्ट्स और लाइफस्टाइल ब्रांड सेवन की शुरुआत भी की थी। इसके अलावा रांची में उनका माही रेजीडेंसी नाम का होटल भी है। इन कंपनियों और कारोबारों के जरिए धोनी ने क्रिकेट से अलग कमाई के कई विकल्प तैयार किए हैं।
लग्जरी फार्महाउस से महंगी कारों और बाइक्स तक का कलेक्शन
धोनी की दौलत के साथ उनकी लग्जरी लाइफस्टाइल भी अक्सर चर्चा में रहती है। रांची में स्थित उनका कैलाशपति फार्महाउस कई एकड़ में फैला हुआ है। यहां बड़ा गार्डन, आधुनिक जिम, स्विमिंग पूल और ट्रेनिंग के लिए विशेष जगह मौजूद है।
धोनी को महंगी कारों और मोटरसाइकिलों का भी खास शौक है। उनके पास 100 से ज्यादा मोटरसाइकिलों का कलेक्शन होने की चर्चा है। इसमें यामाहा आरडी 350, डुकाटी 1098, कावासाकी निंजा एच2 और हार्ले डेविडसन फैटबॉय जैसी शानदार बाइक्स शामिल बताई जाती हैं।
कारों के कलेक्शन में ऑडी क्यू7, फेरारी 599 जीटीओ और मर्सिडीज-बेंज जीएलई जैसे लग्जरी मॉडल भी शामिल हैं। उनका गैराज भी उनके ऑटोमोबाइल प्रेम की झलक देता है।
क्रिकेट से कारोबार तक जारी रहेगी धोनी की नई पारी
महेंद्र सिंह धोनी ने अपने क्रिकेट करियर से मिली लोकप्रियता को कारोबार और निवेश के अवसरों में बदलने में सफलता हासिल की है। आईपीएल में खिलाड़ी के तौर पर उनका सफर भले ही समाप्त हो रहा है, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटर और एक कारोबारी के रूप में उनकी भूमिका जारी रहेगी।
इस तरह धोनी की पहचान अब सिर्फ एक महान क्रिकेटर या सफल कप्तान तक सीमित नहीं है। खेल, विज्ञापन, स्टार्टअप और कारोबार के जरिए उन्होंने एक बड़ा आर्थिक साम्राज्य भी खड़ा किया है।
