कैंसर से जूझ रहे BSP विधायक उमाशंकर सिंह के घर IT Raid, डॉक्टर की एंट्री पर भी रोक; गोमतीनगर आवास घेरा

लखनऊ में बहुजन समाज पार्टी के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। राजधानी के पॉश इलाके गोमतीनगर स्थित उनके आवास और कार्यालय पर बुधवार सुबह से छापेमारी जारी है। कार्रवाई के दौरान पूरे परिसर को घेर लिया गया है और बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
कैंसर से जूझ रहे हैं विधायक
सूत्रों के मुताबिक उमाशंकर सिंह इस समय कैंसर से जूझ रहे हैं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। उनके दो ऑपरेशन हो चुके हैं और वह लखनऊ स्थित आवास में आइसोलेशन में रह रहे हैं। छापेमारी के दौरान घर के अंदर और बाहर किसी को भी आने-जाने की अनुमति नहीं दी गई है। यहां तक कि डॉक्टर और नर्स की एंट्री पर भी रोक लगाए जाने की जानकारी सामने आई है।
50 से ज्यादा अफसर, भारी सुरक्षा बल तैनात
आयकर विभाग की इस कार्रवाई में करीब 50 से अधिक अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। उनके साथ भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात है। सुबह करीब 7 बजे टीम गोमतीनगर के विपुल खंड स्थित आवास पर पहुंची और पूरे परिसर को घेरते हुए आवाजाही सीमित कर दी गई।

वित्तीय लेनदेन और संपत्ति के दस्तावेज खंगाले जा रहे
सूत्रों का कहना है कि जांच का फोकस वित्तीय लेनदेन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों पर है। अधिकारियों ने घर के भीतर मौजूद फाइलें, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए हैं। फिलहाल आयकर विभाग की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। उमाशंकर सिंह, जो बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक हैं, बसपा के वर्तमान में इकलौते विधायक हैं। ऐसे में इस कार्रवाई ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज कर दी है।
