मोहर्रम जुलूस में मातम: हाईटेंशन लाइन से ताजिया टकराया, करंट लगने से 3 की मौत, 9 लोग गंभीर रूप से झुलसे
रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में मोहर्रम जुलूस के दौरान शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। हतनारा गांव में ताजिया लेकर जा रहे श्रद्धालुओं का जुलूस उस समय हादसे का शिकार हो गया, जब ताजिए का ऊपरी हिस्सा 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट फैलने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों का रतलाम मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है।
ताजिया बिजली लाइन से छूते ही मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, हतनारा गांव में हर साल की तरह मोहर्रम का पारंपरिक जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान ऊंचा ताजिया ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। संपर्क होते ही पूरे क्षेत्र में तेज करंट फैल गया और जुलूस में शामिल करीब 12 लोग इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
अस्पताल में तीन लोगों ने तोड़ा दम
मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने रशीद खान, सड्डू हुसैन और अरबाज खान को मृत घोषित कर दिया। वहीं नौ अन्य घायलों का उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप
हादसे के बाद स्थानीय मुस्लिम समाज के लोगों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हर वर्ष मोहर्रम जुलूस के दौरान बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर मौजूद रहते हैं और ताजिया गुजरने के समय हाईटेंशन लाइन की बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। इस बार भी लाइनमैन मौके पर मौजूद थे, लेकिन बिजली सप्लाई बंद नहीं की गई, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ।
ग्रामीणों ने हाईटेंशन लाइन हटाने की उठाई मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव के बीच से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन काफी नीचे है, जिससे बड़े वाहन निकालने में भी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बिजली के पोल और हाईटेंशन लाइन को दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
