IPS की 91 वर्षीय मां की घर में हत्या से हड़कंप, मायावती ने यूपी की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल- ‘आम लोगों की सुरक्षा का क्या होगा?’

ANI-20260524105-0_1781917871232

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 91 वर्षीय मां इंद्रावती की घर में हत्या के मामले ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बसपा प्रमुख मायावती ने घटना को बेहद दुखद और चिंताजनक बताते हुए सरकार से गंभीरता से संज्ञान लेने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

आईपीएस अधिकारी की मां की घर में मिली लहूलुहान लाश

आशुतोष मिश्रा वर्तमान में लखनऊ पुलिस मुख्यालय में एसपी पद पर तैनात हैं। उनकी मां इंद्रावती अंबेडकरनगर के मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धमरुआ गांव स्थित अपने पैतृक आवास में रहती थीं। रविवार दोपहर नौकरानी घर पहुंची तो इंद्रावती का शव खून से लथपथ हालत में मिला। यह देखते ही उसने शोर मचाया और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलने के बाद अंबेडकरनगर की एसपी प्राची सिंह सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मुंह में ठुंसा मिला कपड़ा, जेवर भी गायब

पुलिस के मुताबिक, इंद्रावती के मुंह में कपड़ा ठुंसा हुआ मिला था। परिजनों ने बताया कि वह गले में सोने की चेन, सोने से जड़ित तुलसी की माला, नाक की कील, टॉप्स और पायल पहनती थीं। घटना के बाद इनमें से कई जेवर गायब मिले हैं।

जेवर गायब होने के कारण पुलिस लूट के बाद हत्या की आशंका को भी जांच के दायरे में रख रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी लूट की पुष्टि नहीं की है और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

तीन संदिग्ध हिरासत में, सीसीटीवी और मोबाइल नंबर खंगाले जा रहे

पुलिस ने मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा आसपास के रास्तों और इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पुलिस का प्रयास है कि घटना के समय इलाके में मौजूद संदिग्ध लोगों और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाकर हत्या की गुत्थी सुलझाई जा सके।

पुलिस बोली- पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

अंबेडकरनगर की एसपी प्राची सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल लूट की बात पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। यह संभावना भी जांच में शामिल है कि इंद्रावती की मौत के बाद आसपास के किसी व्यक्ति ने उनके जेवर निकाल लिए हों।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मामले की जांच सभी संभावित कोणों से की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

मायावती ने कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा

घटना पर बसपा प्रमुख मायावती ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अंबेडकरनगर में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की बुजुर्ग मां की हत्या बेहद दुखद है और कानून-व्यवस्था के लिहाज से चिंताजनक भी है।

मायावती ने कहा कि जब एक पुलिस अधिकारी के परिवार के साथ हत्या जैसी गंभीर वारदात हो सकती है तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर आशंका होना स्वाभाविक है। उन्होंने सरकार से मामले को गंभीरता से लेने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

दिनदहाड़े वारदात से गांव में दहशत

इंद्रावती के शव मिलने की सूचना उनके चाचा सचिंद्र मिश्र ने फोन पर आशुतोष मिश्रा को दी। उस समय आशुतोष लखनऊ में मौजूद थे। मां की हत्या की जानकारी मिलते ही वह अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस हत्या के कारण, घटना में शामिल लोगों और गायब जेवर से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र