12 जुलाई को यूपी में 35 करोड़ पौधों का महाअभियान, गोरखपुर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाएंगे मुख्यमंत्री योगी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 12 जुलाई को 35 करोड़ पौधों के रोपण का महाअभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इस अभियान को जनसहभागिता के साथ उत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा। प्रदेशभर में जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों और विभिन्न आयोगों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में बड़े स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण करेंगे।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य झांसी में और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक लखनऊ में पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी भी लखनऊ में पौधा लगाएंगे। वन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना और राज्यमंत्री केपी मलिक मुख्यमंत्री के साथ पौधरोपण महाअभियान में भाग लेंगे।
केंद्रीय मंत्री भी बनेंगे महाअभियान का हिस्सा
प्रदेश सरकार के इस पौधरोपण अभियान में केंद्र सरकार के कई मंत्री भी हिस्सा लेंगे। केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी बागपत, जितिन प्रसाद पीलीभीत, अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर, एसपी सिंह बघेल आगरा, कीर्तिवर्धन सिंह गोंडा, बीएल वर्मा बदायूं और कमलेश पासवान देवरिया में पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होकर अभियान को गति देंगे।
प्रदेश के मंत्री अलग-अलग जिलों में लगाएंगे पौधे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के अनुसार प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों को अलग-अलग जिलों में पौधरोपण कार्यक्रम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके तहत सूर्यप्रताप शाही देवरिया, आशीष पटेल मिर्जापुर, सुरेश खन्ना शाहजहांपुर, स्वतंत्र देव सिंह जालौन, भूपेंद्र चौधरी मुरादाबाद, योगेंद्र उपाध्याय आगरा, बेबीरानी मौर्य एटा, लक्ष्मी नारायण चौधरी मथुरा, जयवीर सिंह फिरोजाबाद, धर्मपाल सिंह बरेली, नंदगोपाल गुप्ता ‘नंदी’ प्रयागराज, अनिल राजभर चंदौली, राकेश सचान कानपुर नगर, ए.के. शर्मा आजमगढ़, संजय निषाद अंबेडकरनगर, ओमप्रकाश राजभर गाजीपुर, दारा सिंह चौहान मऊ, सुनील कुमार शर्मा नोएडा, मनोज पांडेय प्रतापगढ़ और अनिल कुमार बिजनौर में पौधरोपण करेंगे। इसके अलावा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और राज्यमंत्री भी विभिन्न जनपदों में इस अभियान में भाग लेंगे।
आयोगों के अध्यक्ष और पदाधिकारी भी करेंगे पौधरोपण
राज्य के विभिन्न आयोगों, बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष तथा पदाधिकारी भी जनता के बीच रहकर पौधरोपण अभियान में हिस्सा लेंगे। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान बदायूं, अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत श्रावस्ती, गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता हमीरपुर, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा लखीमपुर खीरी, महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह मैनपुरी, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश गर्ग कासगंज, बिरजू महाराज कथक संस्थान की अध्यक्ष कुमकुम धर बलरामपुर, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव उन्नाव और चारू चौधरी संतकबीरनगर में पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होंगी।
जनसहभागिता से होगा हरित उत्तर प्रदेश का संकल्प
राज्य सरकार का उद्देश्य इस महाअभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही निर्देश दे चुके हैं कि पौधरोपण कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।
