Delhi में सबसे बड़ी AI समिट का आगाज़ आज, PM मोदी करेंगे उद्घाटन; बोले- दुनिया देखेगी भारत के युवाओं की ताकत

PM-Narendra-Modi-1771211319172_v

नई दिल्ली। भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अपनी वैश्विक उपस्थिति दर्ज कराने जा रहा है। आज से राजधानी दिल्ली में इंडिया AI इम्पैक्ट समिट की शुरुआत हो रही है। प्रधानमंत्री Narendra Modi 16 फरवरी 2026 को शाम 5 बजे नई दिल्ली स्थित Bharat Mandapam में इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का उद्घाटन करेंगे।

समिट से पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि यह भारत के लिए गर्व का क्षण है कि दुनिया भर से लोग इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में भाग लेने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे देश के युवाओं की क्षमता और भारत की विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र में तेज प्रगति का परिचय मिलता है। पीएम ने अपने संदेश में संस्कृत श्लोक साझा करते हुए भारत की बहुरंगी प्रतिभा और सामर्थ्य का उल्लेख किया।

दिल्ली बनेगी AI इनोवेशन का ग्लोबल हब

इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026, समिट के साथ आयोजित किया जा रहा है और इसे एआई के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर का सबसे बड़ा प्रदर्शन माना जा रहा है। इस एक्सपो में 600 से अधिक हाई-पोटेंशियल स्टार्टअप हिस्सा लेंगे, जबकि 13 देशों के कंट्री पवेलियन अंतरराष्ट्रीय सहयोग और एआई इकोसिस्टम में साझेदारी को प्रदर्शित करेंगे।

यह मंच ग्लोबल टेक्नोलॉजी कंपनियों, स्टार्टअप्स, शिक्षण संस्थानों, शोध संस्थानों, केंद्र और राज्य सरकारों तथा अंतरराष्ट्रीय भागीदारों को एक साथ लाएगा। आयोजन का उद्देश्य भारत को एआई इनोवेशन, रिसर्च और इम्प्लीमेंटेशन के केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

पहले दिन रोड सेफ्टी पर AI का फोकस

समिट का पहला दिन 16 फरवरी से शुरू हो रहा है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए रोड सेफ्टी को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इस सत्र में डेटा-ड्रिवन समाधान के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं को कम करने की रणनीतियों पर चर्चा होगी।

विशेषज्ञ क्रैश पैटर्न के विश्लेषण, जोखिम का पूर्वानुमान लगाने और प्रोएक्टिव इंटरवेंशन को संभव बनाने में एआई की भूमिका पर मंथन करेंगे। सुरक्षित मोबिलिटी, ड्राइवर ट्रेनिंग और हाइपरलोकल डेटा मॉडल विकसित करने के लिए स्केलेबल एआई एप्लिकेशन पर भी विचार-विमर्श होगा।

इंडिया AI इम्पैक्ट समिट को भारत के तकनीकी भविष्य की दिशा तय करने वाले बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है। यह आयोजन न सिर्फ देश की डिजिटल महत्वाकांक्षा को रेखांकित करेगा, बल्कि वैश्विक मंच पर भारत की टेक्नोलॉजी लीडरशिप को भी मजबूती देगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र