राज्यसभा चुनाव 2026: 10 राज्यों की 37 सीटों पर 16 मार्च को मतदान, उसी दिन होगी मतगणना

नई दिल्ली: भारत निर्वाचन आयोग ने 10 राज्यों की 37 खाली हो रही राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। आयोग के मुताबिक मतदान 16 मार्च 2026 को कराया जाएगा और वोटों की गिनती भी उसी दिन होगी। अप्रैल महीने में इन सीटों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, जिसके चलते चुनाव प्रक्रिया तय समय पर पूरी की जाएगी।
इन राज्यों में चुनाव कराए जाएंगे: महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, असम, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और बिहार।
राज्यसभा का कार्यकाल छह साल का होता है। हर दो वर्ष में एक-तिहाई सदस्यों का कार्यकाल पूरा होता है, जिसके लिए द्विवार्षिक चुनाव कराए जाते हैं। लोकसभा के विपरीत राज्यसभा कभी भंग नहीं होती, इसलिए इसे संसद का स्थायी सदन कहा जाता है।
राज्यसभा चुनाव का पूरा कार्यक्रम
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार अधिसूचना 26 फरवरी 2026 को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च 2026 तय की गई है। 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 मार्च 2026 तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
मतदान 16 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इसके तुरंत बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 मार्च 2026 तक संपन्न कर ली जाएगी।
किस राज्य में कितनी सीटें खाली
महाराष्ट्र में 7 सीटें, ओडिशा में 4 सीटें, तमिलनाडु में 6 सीटें, पश्चिम बंगाल में 5 सीटें, असम में 3 सीटें, बिहार में 5 सीटें, छत्तीसगढ़ में 2 सीटें, हिमाचल प्रदेश में 1 सीट, तेलंगाना में 2 सीटें और हरियाणा में 2 सीटें खाली हो रही हैं।
महाराष्ट्र से रिटायर होने वाले सदस्य
डॉ. भगवत किशनराव कराड, डॉ. (श्रीमती) फ़ौज़िया तहसीन अहमद खान, प्रियंका विक्रम चतुर्वेदी, शरदचंद्र गोविंदराव पवार, धैर्यशील मोहन पाटिल, रजनी अशोकराव पाटिल और रामदास बंदू अठावले का कार्यकाल पूरा हो रहा है।
ओडिशा से रिटायर होने वाले सदस्य
ममता मोहंता, मुज़िबुल्ला खान, सुजीत कुमार और निरंजन बिशी अप्रैल में सेवानिवृत्त होंगे।
तमिलनाडु से रिटायर होने वाले सदस्य
एन.आर. एलंगो, पी. सेल्वारासु, एम. थम्बिदुरई, तिरुची सिवा, डॉ. कनिमोझी एन.वी.एन. सोमू और जी.के. वासन का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।
पश्चिम बंगाल से रिटायर होने वाले सदस्य
साकेत गोखले, ऋतब्रत बनर्जी, बिकाश रंजन भट्टाचार्य, मौसम नूर और सुब्रत बक्शी राज्यसभा से रिटायर होंगे।

असम से रिटायर होने वाले सदस्य
रामेश्वर तेली, भुवनेश्वर कलिता और अजीत कुमार भुइयां का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।
बिहार से रिटायर होने वाले सदस्य
अमरेंद्र धारी सिंह, प्रेम चंद गुप्ता, रामनाथ ठाकुर, उपेन्द्र कुशवाहा और हरिवंश नारायण सिंह राज्यसभा से विदा लेंगे।
छत्तीसगढ़ से रिटायर होने वाले सदस्य
कवि तेजपाल सिंह तुलसी और फूलो देवी नेताम का कार्यकाल समाप्त होगा।
हरियाणा से रिटायर होने वाले सदस्य
किरण चौधरी और राम चंदर जांगड़ा राज्यसभा से रिटायर होंगे।
हिमाचल प्रदेश से रिटायर होने वाले सदस्य
इंदु बाला गोस्वामी का कार्यकाल पूरा हो रहा है।
तेलंगाना से रिटायर होने वाले सदस्य
डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी और के.आर. सुरेश रेड्डी का कार्यकाल समाप्त होगा।
245 सदस्यों वाली राज्यसभा में 233 सदस्य निर्वाचित होते हैं। चुनाव आयोग ने संबंधित राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को रिटर्निंग ऑफिसर्स की नियुक्ति के निर्देश पहले ही जारी कर दिए हैं। अब राजनीतिक दलों की निगाहें इन 37 सीटों पर टिकी हैं, जहां समीकरणों की नई बिसात बिछने वाली है।
