संजय दत्त ने लखनऊ में शुरू किया ‘नेट जीरो सरोजिनी नगर’ मिशन, राजलक्ष्मी सिंह के भाषण ने जीता दिल
लखनऊ। राजधानी में रविवार को पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक बड़ा जनआंदोलन आकार लेता नजर आया, जब बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त ने बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह के महत्वाकांक्षी अभियान ‘नेट जीरो सरोजिनी नगर’ को हरी झंडी दिखाई। बंगला बाजार से शुरू हुए इस कार्यक्रम में हजारों युवाओं, छात्रों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी देखने को मिली। संजय दत्त करीब एक किलोमीटर तक रोडशो में पैदल चले और लोगों का अभिवादन किया।
संजय दत्त ने अपने खास अंदाज में मंच से संदेश देते हुए कहा, “अरे अंकल, सुनो! यहां इतने सारे अंकल खड़े हैं ना? सब सुन लो। जीवन में तीन काम करो—पेड़ लगाओ, पानी बचाओ क्योंकि पानी सोना है, और वोटर बनो, वोट डालो। और एक बात, ड्रग्स मत छूना।” उनके इस संबोधन पर भीड़ ने जोरदार तालियों से स्वागत किया।
राजेश्वर सिंह को बताया असली हीरो
खुद को स्क्रीन का स्टार बताते हुए संजय दत्त ने राजेश्वर सिंह को असली हीरो करार दिया। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले नेता ही सच्चे सुपरस्टार होते हैं। इस मौके पर राजेश्वर सिंह ने कहा कि यह अभियान उनके दो प्रमुख सरोकार—पर्यावरण संरक्षण और युवा सशक्तिकरण—पर आधारित है। उन्होंने कहा, “सरोजिनी नगर मेरी फैमिली है। मेरा लक्ष्य इसे एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाना है। यह अभियान जनभागीदारी से जन आंदोलन बनेगा।”
2040 तक नेट जीरो का लक्ष्य
‘नेट जीरो सरोजिनी नगर 2040’ अभियान के तहत स्वच्छ आदतें, जिम्मेदार खपत, जल संरक्षण, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन, हरित क्षेत्र विस्तार, सक्रिय नागरिक भागीदारी और मजबूत मतदाता पंजीकरण जैसे बिंदुओं पर काम किया जाएगा। स्कूल-कॉलेज, हाउसिंग सोसाइटी, आरडब्ल्यूए, टाउनशिप, उद्योग, गांव और झीलों को इस पहल से जोड़ा जाएगा। राजेश्वर सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसे जन आंदोलन की शुरुआत बताया और संजय दत्त व नागरिकों का आभार जताया।
राजलक्ष्मी सिंह का जोशीला संबोधन
कार्यक्रम का भावनात्मक और प्रेरणादायक पल तब आया जब राजेश्वर सिंह की 17 वर्षीय बेटी राजलक्ष्मी सिंह ने मंच संभाला। उन्होंने संजय दत्त को मेमेंटो भेंट कर स्वागत किया और जोशीला भाषण दिया। राजलक्ष्मी ने कहा, “मैं पापा से रोज आपकी तारीफ सुनती हूं। पिछले चार साल में आपने न सिर्फ पापा के दिल में, बल्कि हमारे दिल में भी जगह बनाई है।”
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि कभी नीला आसमान देखना मुश्किल था, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं। “आज लखनऊ के घरों में भी एयर प्यूरीफायर लगने लगे हैं। यह दिखाता है कि छोटी-छोटी कोशिशें कितनी अहम होती हैं।”
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि अगर कोई कहे यह संभव नहीं है, तो जवाब दीजिए—“मेरे हौसले पर शक मत करो, मैं टूटे धागों से सपने बुनती हूं।” उन्होंने संजय दत्त को प्रेरणादायक व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष और सीख से भरा है।
‘सबसे शानदार रोडशो’—संजय दत्त
संजय दत्त ने कार्यक्रम का वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए इसे अब तक का सबसे शानदार रोडशो बताया और पर्यावरण संरक्षण व नेट जीरो शहरों के संदेश से जुड़ने पर खुशी जताई। पूरे कार्यक्रम के दौरान उनका उत्साह साफ झलक रहा था, जिससे यह संकेत मिला कि यह अभियान उनके दिल के काफी करीब है।
