बारुईपुर कांड पर एक महीने बाद सक्रिय हुईं सायोनी घोष, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से की बात; मॉब लिंचिंग पर भी जताई चिंता

PTI04-18-2026-000350A-0_17833063

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में नाबालिग लड़की की हत्या के मामले ने राजनीतिक हलकों में हलचल तेज कर दी है। तृणमूल कांग्रेस की सांसद सायोनी घोष करीब एक महीने की चुप्पी के बाद फिर सार्वजनिक रूप से सक्रिय नजर आईं। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से बातचीत की और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात कही।

सायोनी घोष ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि बारुईपुर के सूरजापुर क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ हुई जघन्य घटना बेहद दुखद और निंदनीय है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी हैं।

मुख्यमंत्री से बातचीत का किया जिक्र

सांसद ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से फोन पर बातचीत की है। उनके अनुसार मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि मामले की व्यक्तिगत स्तर पर निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है और जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन भी कर दिया गया है।

सायोनी घोष ने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवार के संपर्क में है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने त्वरित कदम उठाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी जताया।

पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा

बारुईपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाली सायोनी घोष ने कहा कि वह इस मामले से जुड़ी सभी बातों को लिखित रूप में मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगी। साथ ही पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

मॉब लिंचिंग पर जताई चिंता

घटना के बाद हुई हिंसा और मॉब लिंचिंग पर भी सांसद ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना बेहद जरूरी है और किसी भी स्थिति में कानून को हाथ में लेना स्वीकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा रखा जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने बताया कि वह लगातार बारुईपुर के पुलिस अधीक्षक के संपर्क में हैं और मामले की प्रगति पर नजर बनाए हुए हैं।

क्या है पूरा मामला

बारुईपुर क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की शनिवार को घर से निकलने के बाद लापता हो गई थी। रविवार को उसका शव बरामद होने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। घटना से नाराज लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया, सड़क जाम की और पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाया।

इस दौरान गुस्साई भीड़ ने लड़की की हत्या में कथित संलिप्तता के आरोप में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच जारी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र