“बांदा में ऑनर किलिंग से सनसनी: पुलिस थाने के अंदर ही पिता ने बेटी को चाकू से गोदा, मौत”
बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां बदौसा थाना परिसर के भीतर ही एक पिता ने अपनी 19 वर्षीय बेटी पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इस वारदात से पूरे थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस महकमे में हड़कंप फैल गया।
लव मैरिज को लेकर चल रहा था विवाद
जानकारी के मुताबिक, बरछा बी गांव की रहने वाली युवती शिवानी (19) पड़ोस के युवक ललित कुमार के साथ 18 मई को घर से चली गई थी। इस मामले में युवती की मां की शिकायत पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी।
पुलिस ने बरामद कर थाने लाई थी जोड़ी
शुक्रवार को पुलिस ने दोनों को मध्य प्रदेश के बरौंधा घाटी क्षेत्र से बरामद कर बदौसा थाने लाया था। थाने में पूछताछ के दौरान दोनों ने अपनी मर्जी से विवाह करने की बात कही। इसके बाद पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया और बयान दर्ज कराने की तैयारी में थी।
थाने के अंदर अचानक हुआ हमला
इसी दौरान काउंसलिंग प्रक्रिया चल रही थी, तभी युवती के पिता सत्य कुमार चौहान ने अचानक चाकू निकालकर अपनी बेटी पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया।
आरोपी पिता गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी पिता को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
