लखनऊ में सनसनीखेज वारदात! पत्नी की चाकू से हत्या के बाद पति ने खाया जहर, अस्पताल में चल रहा इलाज

untitled-2026-06-08t204234-1780931578

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। माल थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है। पुलिस को करीब तीन बजे सूचना मिली कि आजाद नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही माल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

घर के कमरे में मिला महिला का शव

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आजाद नगर निवासी 55 वर्षीय जितेंद्र प्रताप सिंह ने अपनी 47 वर्षीय पत्नी मोनिका सिंह पर चाकू से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस को महिला का शव घर के एक कमरे से बरामद हुआ। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई।

मेडिकल जांच में सामने आई जहर खाने की बात

पुलिस ने आरोपी पति को तत्काल हिरासत में ले लिया। मेडिकल परीक्षण के दौरान डॉक्टरों ने आशंका जताई कि उसने किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन किया है। स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

बेटे की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा

जानकारी के अनुसार, मृतका के बड़े बेटे अंशुमान सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की वजहों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पारिवारिक विवाद, घरेलू परिस्थितियां और अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। आरोपी के स्वस्थ होने के बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र