चांदी ₹7,500 लुढ़की, सोने ने दिखाई मजबूती, सर्राफा बाजार में कीमतों का बड़ा उलटफेर

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को कीमती धातुओं की कीमतों में बड़ा बदलाव देखने को मिला। जहां चांदी निवेशकों को झटका देती नजर आई, वहीं सोना लगातार दूसरे दिन मजबूती के साथ चढ़ा और बाजार का रुख अपनी ओर खींचता रहा। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के आंकड़ों के मुताबिक, चांदी की कीमत में एक ही दिन में ₹7,500 की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
चांदी में करीब 3 फीसदी की बड़ी गिरावट
दिल्ली बाजार में सोमवार को ₹2,72,000 प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) पर बंद हुई चांदी मंगलवार को गिरकर ₹2,64,500 प्रति किलोग्राम पर आ गई। यह गिरावट करीब 3 प्रतिशत की मानी जा रही है। कारोबारियों के मुताबिक, ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली और अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिले कमजोर संकेतों का असर चांदी की कीमतों पर साफ दिखा।
सोने ने फिर दिखाया दम, ₹2,200 की तेजी
दूसरी ओर, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना मजबूती के साथ चढ़ा। सोने की कीमत ₹2,200 या करीब 1.4 प्रतिशत की तेजी के साथ ₹1,60,700 प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) पर पहुंच गई। इससे पहले यह ₹1,58,500 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। बाजार जानकारों के अनुसार, आभूषण निर्माताओं और निवेशकों की लगातार खरीदारी से सोने को सपोर्ट मिला है।
एक्सपर्ट्स का क्या कहना है
HDFC सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट साउमिल गांधी के मुताबिक, सोना मंगलवार को हल्की मजबूती के साथ कारोबार करता दिखा। उन्होंने बताया कि फिलहाल ट्रेडर्स नए मैक्रोइकॉनॉमिक संकेतों का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि सोना और चांदी दोनों ही व्यापक दायरे में उतार-चढ़ाव दिखा रहे हैं और आने वाले समय में बाजार कंसॉलिडेशन के चरण में जा सकता है।

इंटरनेशनल मार्केट में मिला-जुला रुख
वैश्विक बाजार में भी कीमती धातुओं का रुख मिश्रित रहा। स्पॉट सिल्वर 1.13 अमेरिकी डॉलर या 1.37 प्रतिशत टूटकर 82.16 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना मामूली कमजोरी के साथ 5,052.43 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करता नजर आया।
निवेशकों की नजर अमेरिकी आंकड़ों पर
LKP सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट और रिसर्च एनालिस्ट जतीन त्रिवेदी के अनुसार, निवेशक अब अमेरिका के अहम आर्थिक आंकड़ों जैसे रिटेल सेल्स डेटा और बेरोजगारी दर का इंतजार कर रहे हैं। इन आंकड़ों का असर फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति और बुलियन बाजार की अल्पकालिक दिशा पर पड़ सकता है। फिलहाल, सोना सुरक्षित निवेश के तौर पर मजबूत बना हुआ है, जबकि चांदी में दबाव के साथ सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
