‘पति-पत्नी और वो’ की कहानी पर बनी फिल्म, गोविंदा बोले– मेरी ज़िंदगी का मज़ाक उड़ाया गया

govinda-2-1770729736

बॉलीवुड एक्टर गोविंदा ने करण जौहर के प्रोडक्शन में बनी फिल्म ‘गोविंदा नाम मेरा’ को लेकर खुलकर नाराजगी जाहिर की है। अभिनेता का कहना है कि फिल्म की कहानी उनकी निजी जिंदगी से मिलती-जुलती है और इसमें उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के साथ कथित बेवफाई की चर्चाओं को अप्रत्यक्ष रूप से दिखाया गया है। गोविंदा के मुताबिक, किसी की पर्सनल लाइफ को मनोरंजन का हिस्सा बनाना उन्हें बिल्कुल मंजूर नहीं है।

फिल्म की कहानी में दिखी निजी जिंदगी की झलक?
2022 में रिलीज हुई इस रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म को करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन्स ने बनाया था। गोविंदा का आरोप है कि फिल्म में पति, पत्नी और गर्लफ्रेंड के बीच शक, झगड़े और तनाव को जिस तरह दिखाया गया, वह उनकी असल जिंदगी से जोड़कर देखा जाने लगा। उनका कहना है कि यह सब महज इत्तेफाक नहीं लगता।

इंटरव्यू में गोविंदा का खुला बयान
एएनआई को दिए इंटरव्यू में गोविंदा ने कहा कि जब उन्हें फिल्म के कंटेंट की जानकारी मिली, तो वह असहज हो गए। उन्होंने कहा, “मेरे नाम पर फिल्म बनाई गई। कहानी में पति-पत्नी के बीच शक, झगड़े और गर्लफ्रेंड की एंट्री दिखाई गई। ऐसा लगा जैसे किसी की पर्सनल लाइफ को जबरदस्ती फिल्म में फिट किया जा रहा हो।”

मजाक की भी एक सीमा होती है
गोविंदा ने यह भी साफ किया कि वह क्रिएटिव फ्रीडम के नाम पर निजी जिंदगी को मजाक बनाए जाने के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि हर जगह और हर समय मजाक ठीक नहीं होता। अभिनेता ने यह भी जोड़ा कि अगर कभी इस मुद्दे पर सामने बात हुई तो वह सम्मान के साथ अपनी बात रखेंगे, लेकिन निजी जिंदगी को इस तरह पेश किया जाना उन्हें स्वीकार नहीं।

क्या है ‘गोविंदा नाम मेरा’ की कहानी
फिल्म में विक्की कौशल ने गोविंद वाघमारे उर्फ गोविंदा का किरदार निभाया है, जो एक बैकग्राउंड डांसर है और कोरियोग्राफर बनने का सपना देखता है। उसकी निजी जिंदगी उलझनों से भरी दिखाई गई है। वह अपनी पत्नी गौरी (भूमि पेडनेकर) से अलग होकर गर्लफ्रेंड और कलीग सुकू (कियारा आडवाणी) के साथ नई जिंदगी शुरू करना चाहता है। तलाक के दौरान पैसों का विवाद कहानी का अहम मोड़ बनता है, जहां पत्नी शादी में दिए गए दो करोड़ रुपये वापस मिलने तक तलाक से इनकार कर देती है।

सुनीता आहूजा के बयान भी आए चर्चा में
इस विवाद के बीच गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा का एक पुराना इंटरव्यू भी सुर्खियों में है, जिसमें उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में रिश्तों पर पड़ने वाले दबाव की बात की थी। सुनीता ने कहा था कि शोहरत और आगे बढ़ने की चाह कई बार शादीशुदा सितारों के लिए मुश्किल हालात पैदा कर देती है।

गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी 1987 में हुई थी। दोनों ने करीब दो साल तक अपने रिश्ते को निजी रखा और 1989 में बेटी टीना के जन्म के बाद इसे सार्वजनिक किया। सालों से गोविंदा के कथित अफेयर्स और वैवाहिक तनाव की खबरें आती रही हैं, लेकिन सुनीता आहूजा ने हमेशा तलाक की अटकलों को खारिज किया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र