फिर दहली दिल्ली: पांडव नगर में डिलीवरी बॉय की चाकू से गोदकर हत्या, तीन नाबालिग हिरासत में

delhi-delivery-boy-murder-1770082569

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली एक बार फिर खौफनाक वारदात से दहल उठी है। पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर थाना क्षेत्र में एक डिलीवरी बॉय की बेरहमी से चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिगों को पकड़ लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

आचार्य निकेतन इलाके में वारदात से हड़कंप
यह सनसनीखेज घटना पांडव नगर थाना क्षेत्र के आचार्य निकेतन इलाके की है। पुलिस के मुताबिक, 2 फरवरी की रात करीब 8:15 बजे पीसीआर को सूचना मिली कि एक युवक पर चाकू से हमला किया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल युवक को तुरंत एलबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गले और सीने पर किए गए कई वार
पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक के गले और सीने पर चाकू से कई बार हमला किया गया था। मृतक की पहचान 22 वर्षीय अरुण राज पुत्र राज शेखर के रूप में हुई है, जो पटपड़गंज का रहने वाला था और डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था।

विवाद के बाद धारदार हथियार से हमला
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तीन युवक मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे थे। किसी बात को लेकर विवाद हुआ और देखते ही देखते उन्होंने डिलीवरी बॉय पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी से खुला राज, तीनों आरोपी नाबालिग
घटना के बाद क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर पहले एक नाबालिग को पकड़ा गया और फिर बाकी दो को भी हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने पुष्टि की है कि हत्या में शामिल तीनों आरोपी नाबालिग हैं।

हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
फिलहाल पुलिस तीनों नाबालिगों से गहन पूछताछ कर रही है। हत्या के पीछे की असली वजह जानने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र