यूक्रेन को ट्रंप का बड़ा रक्षा तोहफा! अब खुद बनेगा पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम, रूस के लिए बढ़ सकती हैं चुनौतियां
अंकारा: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन की रक्षा क्षमता को मजबूत करने की दिशा में बड़ा ऐलान किया है। तुर्किये में आयोजित नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने घोषणा की कि अमेरिका यूक्रेन को पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम के निर्माण का लाइसेंस देगा। इस फैसले के बाद यूक्रेन भविष्य में अपनी जमीन पर ही इस उन्नत रक्षा प्रणाली का निर्माण कर सकेगा।
ट्रंप के इस फैसले को यूक्रेन की लंबे समय से चली आ रही मांग की मंजूरी माना जा रहा है। अब तक यूक्रेन इस रक्षा प्रणाली की आपूर्ति के लिए अमेरिका पर निर्भर था, लेकिन लाइसेंस मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर इसके निर्माण का रास्ता खुल जाएगा।
यूक्रेन की रक्षा क्षमता को मिलेगी मजबूती
नाटो शिखर सम्मेलन में ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन को पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम बनाने का अधिकार दिया जाएगा और उसे इसके निर्माण की तकनीकी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस कदम का उद्देश्य यूक्रेन को रूसी मिसाइल और हवाई हमलों का अधिक प्रभावी ढंग से मुकाबला करने में सक्षम बनाना है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की लंबे समय से इस तकनीक और निर्माण लाइसेंस की मांग कर रहे थे। अमेरिका की मंजूरी के बाद यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली को महत्वपूर्ण मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है।
क्या है पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम की खासियत
पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम दुनिया की उन्नत जमीन से हवा में मार करने वाली रक्षा प्रणालियों में गिना जाता है। इसे अमेरिकी रक्षा कंपनियों लॉकहीड मार्टिन और रेथियॉन ने विकसित किया है।
यह प्रणाली मानवरहित विमान, क्रूज मिसाइल और कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही पहचानकर नष्ट करने में सक्षम मानी जाती है। इसके रडार की निगरानी क्षमता लगभग 100 किलोमीटर तक बताई जाती है, जबकि इसकी मिसाइलों की प्रभावी मारक क्षमता करीब 15 से 22 किलोमीटर तक है। पूरे सिस्टम में रडार, एंगेजमेंट कंट्रोल स्टेशन, मिसाइल लॉन्चर और इंटरसेप्टर मिसाइलें शामिल होती हैं।
जेलेंस्की ने जताया आभार
अमेरिकी घोषणा के बाद राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने ट्रंप और उनकी टीम के साथ हुई बैठक को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन की वायु रक्षा को मजबूत करने के लिए उठाया गया यह कदम नागरिकों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों की टीमें बातचीत के आधार पर जल्द आगे की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगी और कूटनीतिक प्रयास भी जारी रहेंगे।
युद्ध के समीकरण बदलने की संभावना
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यूक्रेन स्थानीय स्तर पर पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम का निर्माण शुरू करता है, तो उसकी रक्षा तैयारियां पहले की तुलना में अधिक मजबूत हो सकती हैं। इससे आयात पर निर्भरता कम होगी और युद्ध के दौरान आवश्यक रक्षा प्रणालियों की उपलब्धता बढ़ सकती है। इसे रूस-यूक्रेन संघर्ष के रणनीतिक समीकरणों में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
