विराट कोहली फिर सोशल मीडिया ‘लाइक’ विवाद में, जर्मन इन्फ्लुएंसर की फोटो पर रिएक्शन से मचा हंगामा, फैंस ने लिए मजे

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर सोशल मीडिया एक्टिविटी को लेकर चर्चा में हैं। मैदान पर शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ उनकी ऑनलाइन गतिविधियां भी अक्सर सुर्खियां बटोरती हैं। अब दावा किया जा रहा है कि उन्होंने एक जर्मन इन्फ्लुएंसर की पुरानी इंस्टाग्राम पोस्ट को लाइक किया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है।
इससे पहले भी पिछले साल एक्ट्रेस अवनीत कौर की तस्वीर पर उनके अकाउंट से लाइक दिखने का मामला वायरल हुआ था, जिस पर बाद में विराट कोहली ने सफाई देते हुए इसे इंस्टाग्राम एल्गोरिदम की वजह से हुआ अनजाने इंटरैक्शन बताया था।
जर्मन इन्फ्लुएंसर की पोस्ट पर लाइक से मचा बवाल
ताजा मामले में जर्मन सोशल मीडिया क्रिएटर लिजलाज की एक पुरानी पोस्ट पर विराट कोहली का लाइक दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। जैसे ही यह बात सामने आई, इंटरनेट पर मीम्स और मजेदार कमेंट्स की बाढ़ आ गई। बताया जा रहा है कि 30 जनवरी की एक पोस्ट पर यह लाइक नजर आया, जबकि विराट उस इन्फ्लुएंसर को फॉलो भी नहीं करते हैं।
लिजलाज खुद को विराट कोहली की बड़ी फैन बता चुकी हैं और कई मौकों पर उनकी तारीफ भी कर चुकी हैं। उनके कुछ वीडियो में वह क्रिकेट टीम की जर्सी पहने भी नजर आई हैं।
फैंस ने पुराने विवाद से जोड़ा मामला
सोशल मीडिया यूजर्स ने इस घटना को पिछले साल हुए अवनीत कौर वाले विवाद से जोड़ दिया है। उस समय भी स्क्रीनशॉट्स वायरल हुए थे और काफी चर्चा हुई थी। इस बार भी यूजर्स ने चुटकी लेते हुए मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों ने एल्गोरिदम का जिक्र करते हुए तंज कसा, तो कुछ ने मजाक में निजी जीवन को लेकर भी टिप्पणियां कीं।

हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह लाइक जानबूझकर किया गया था या फिर किसी तकनीकी कारण से ऐसा हुआ। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है।
कौन हैं लिजलाज, जिन पर आया विराट का लाइक
लिजलाज एक जर्मन सोशल मीडिया क्रिएटर हैं, जो ट्रैवल, फूड और कल्चर से जुड़े कंटेंट के लिए जानी जाती हैं। उनका भारत से खास जुड़ाव है और वह मुंबई, बेंगलुरु, गोवा, दिल्ली और हरियाणा जैसे स्थानों के अनुभव अपने वीडियो के जरिए साझा करती रही हैं। इसके अलावा वह साउथ अफ्रीका, कोरिया, वियतनाम, श्रीलंका, नेपाल, थाईलैंड और मालदीव जैसे देशों की यात्रा भी कर चुकी हैं। इंस्टाग्राम पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं और भारत में भी उनकी अच्छी खासी लोकप्रियता है।
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया तक ही सीमित है, लेकिन फैंस के बीच इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं।
