मौसम बदलेगा मिजाज: कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, दिल्ली-एनसीआर समेत यूपी-बिहार में राहत की उम्मीद

untitled-2026-03-13t073724-1773367656

देशभर में गर्मी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है और उत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक कई राज्यों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिन के समय तेज धूप और गर्मी के कारण लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। हालांकि अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में बादल और हल्की बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक 14 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मौसम बदलने की संभावना है।

15 मार्च को दिल्ली-एनसीआर में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कई जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। दिल्ली के साथ नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में 17 मार्च तक रुक-रुक कर बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इस दौरान सुबह या दोपहर के समय गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है। साथ ही दोपहर के समय करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।

उत्तर प्रदेश और बिहार में भी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए भी मौसम में बदलाव की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश में 15 और 16 मार्च को कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं बिहार में भी 15 मार्च के बाद मौसम करवट ले सकता है। यहां 17 मार्च तक आंधी, गरज-चमक और तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान कई क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम का असर

मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 15 से 18 मार्च के बीच हल्की बारिश के साथ-साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।

पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना जताई गई है और यहां 15 मार्च तक वर्षा का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार बताए गए हैं। मौसम विभाग ने खास तौर पर किसानों को मौसम के इस बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

कुछ इलाकों में हीटवेव का खतरा बरकरार

जहां कई राज्यों में बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं कुछ क्षेत्रों में गर्मी का असर बना रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ और दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के संकेत नहीं हैं। इन इलाकों में लोगों को हीटवेव जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र