‘जब चीन हमारे सामने खड़ा था, मैं यही सदन में बोलना चाह रहा हूं’, जानिए संसद से निकलने के बाद और क्या बोले राहुल गांधी

rahul-gandhi-5-1770031412

नई दिल्ली। चीन के मुद्दे पर सोमवार को संसद में जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे का हवाला देते हुए चीन से जुड़े सवाल सदन में उठाने की कोशिश की। हालांकि शोर-शराबे के बीच लोकसभा की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।

‘यह राष्ट्रीय सुरक्षा का गंभीर मुद्दा है’
संसद परिसर से बाहर निकलने के बाद राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि चीन का मामला केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि सीधे तौर पर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि वह वही बात सदन में रखना चाहते थे, जो पूर्व आर्मी चीफ जनरल नरवणे ने अपनी किताब में लिखी है और जिसे एक आर्टिकल में भी उद्धृत किया गया है।

‘मैं किसी की बात नहीं, आर्टिकल को कोट कर रहा हूं’
राहुल गांधी ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से कोई आरोप नहीं लगा रहे हैं, बल्कि प्रकाशित आर्टिकल को कोट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह संसद में यह बताना चाहते थे कि जब चीन हमारी सीमाओं पर सामने खड़ा था, उस वक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के स्तर पर क्या बातचीत और निर्णय हुए।

‘यह पूर्व आर्मी चीफ का नजरिया है, मेरा नहीं’
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने साफ किया कि यह उनका निजी बयान नहीं है, बल्कि पूर्व सेना प्रमुख का नजरिया है, जिसे उन्होंने अपनी किताब में दर्ज किया है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उस किताब के प्रकाशन को रोका जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार एक पूर्व आर्मी चीफ की राय से इतनी भयभीत क्यों है।

‘हम सेना और राजनीतिक नेतृत्व— दोनों के बारे में सीखेंगे’
राहुल गांधी ने कहा कि अगर यह बातें सामने आती हैं, तो देश को न सिर्फ तत्कालीन राजनीतिक नेतृत्व के फैसलों की जानकारी मिलेगी, बल्कि यह भी समझ में आएगा कि सेना को किस तरह की परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि इससे यह भी स्पष्ट होगा कि देश के राजनीतिक नेतृत्व ने सेना को किस तरह निराश किया।

‘सच सामने आया तो सरकार घबरा जाएगी’
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर सदन में बोलने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार डर रही है क्योंकि अगर सच्चाई सामने आई, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से जुड़े कई सवालों के जवाब जनता के सामने आ जाएंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब चीन आगे बढ़ रहा था, तब 56 इंच के सीने का क्या हुआ, यह देश जानना चाहता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र