Yeh Rishta Kya Kehlata Hai में इस चाइल्ड आर्टिस्ट की धमाकेदार एंट्री, America’s Got Talent में भारत का नाम कर चुकी हैं रोशन

रोहित पुरोहित और समृद्धि शुक्ला स्टारर लोकप्रिय टीवी शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में 8 साल के लीप के बाद कहानी ने नया मोड़ ले लिया है। लीप के साथ ही दर्शकों को अरमान और अभिरा की बेटी मायरा अब बड़ी उम्र में देखने को मिलने वाली है। कहानी में जहां एक तरफ नए रिश्ते और नए चैप्टर की शुरुआत होती दिख रही है, वहीं दूसरी ओर इमोशन्स का हाई वोल्टेज ड्रामा भी सामने आने वाला है। हाल ही में रिलीज हुए प्रोमो में दो नए चाइल्ड आर्टिस्ट की एंट्री ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है। इनमें से एक मायरा और दूसरी वाणी के किरदार में नजर आएंगी।
मायरा पोद्दार के रोल में दिखेंगी अर्शिया शर्मा
‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में अरमान और अभिरा की बेटी मायरा पोद्दार का किरदार निभाने के लिए अर्शिया शर्मा को चुना गया है। शो में छोटी मायरा और वाणी के कैरेक्टर्स को इंट्रोड्यूस कर दिया गया है। जहां मायरा के रोल में अर्शिया शर्मा की एंट्री कन्फर्म हो चुकी है, वहीं वाणी का किरदार निभाने वाली टीनएज एक्ट्रेस के नाम का खुलासा फिलहाल नहीं किया गया है।
कौन हैं अर्शिया शर्मा, जिनकी हो रही है हर तरफ चर्चा
जम्मू की रहने वाली अर्शिया शर्मा एक टैलेंटेड डांसर और एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने कम उम्र में ही एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना ली है। उन्हें पहली बड़ी पहचान डांस रियलिटी शो ‘सुपर डांसर चैप्टर 4’ से मिली, जहां उन्होंने टॉप 10 कंटेस्टेंट्स में अपनी जगह बनाई। इसके बाद अर्शिया ने शॉर्ट फिल्म ‘घुंघरू’ से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की और दर्शकों का ध्यान खींचा।
टीवी से लेकर इंटरनेशनल स्टेज तक छाया अर्शिया का टैलेंट
अर्शिया शर्मा बाद में कलर्स टीवी के शो ‘मंगल लक्ष्मी’ की मेन कास्ट का हिस्सा बनीं, जहां उनके अभिनय को खूब सराहा गया। इसके अलावा उन्होंने डांस रियलिटी शो ‘चैंपियंस का टशन’ में भी हिस्सा लेकर अपने हुनर का लोहा मनवाया। अर्शिया का करियर उस वक्त नई ऊंचाइयों पर पहुंचा, जब उन्होंने America’s Got Talent में डेब्यू किया। ग्लोबल मंच पर भारत को रिप्रेजेंट करते हुए उन्होंने अपने हॉरर-थीम बेस्ड डांस परफॉर्मेंस से जजों और दर्शकों को इंप्रेस किया, जिसके बाद उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन भी मिला। अर्शिया इस शो में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचीं और इंटरनेशनल लेवल पर पहचान बनाई।

लीप के बाद बदली ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ की पूरी कहानी
शो के नए प्रोमो के मुताबिक, लीप के बाद अरमान अपनी बेटी मायरा के साथ पोद्दार हाउस में रह रहे हैं। बाप-बेटी के बीच गहरा और खास रिश्ता देखने को मिल रहा है। दोनों अभिरा के बिना अपनी अलग दुनिया में खुश नजर आते हैं। हालांकि कहानी में इमोशनल ट्विस्ट तब आता है, जब दादी सा इस बात की चिंता जताती हैं कि क्या मायरा समय के साथ अपनी मां अभिरा को भूल जाएगी।
अरमान के एक डायलॉग ने बढ़ाई कहानी की गंभीरता
प्रोमो में अरमान का यह कहना कि अगर मायरा अभिरा को भूल भी जाए तो कोई फर्क नहीं पड़ेगा, कहानी को और ज्यादा गंभीर और इमोशनल बना देता है। यह डायलॉग साफ इशारा करता है कि आने वाले एपिसोड्स में दर्शकों को रिश्तों की गहराई, टकराव और भावनात्मक उतार-चढ़ाव देखने को मिलेंगे। लीप के बाद ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ की कहानी अब एक नए दौर में प्रवेश कर चुकी है।
