मौसम खराब में क्यों उड़ा विमान? चतरा एयर एंबुलेंस हादसे पर स्वास्थ्य मंत्री का सख्त संदेश—दोषियों को नहीं बख्शेंगे

Irfan-Ansari-1771908438150_v

चतरा। झारखंड के चतरा में एयर एंबुलेंस क्रैश की दर्दनाक घटना में सात लोगों की मौत के बाद सियासी और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। हादसे पर गहरा शोक जताते हुए झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने साफ कहा कि पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कराई जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

मंगलवार सुबह स्वास्थ्य मंत्री चतरा पहुंचे और स्थानीय सदर अस्पताल में मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। अस्पताल पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले शवों को देखा और पोस्टमार्टम की तैयारियों का जायजा लिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

अब तक की सबसे बड़ी घटना बताया
पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने कहा कि झारखंड में एयर एंबुलेंस क्रैश की यह अब तक की सबसे बड़ी घटना है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि आश्रितों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही स्पष्ट किया कि विस्तृत जांच के बाद जो भी जिम्मेदार पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

खराब मौसम में उड़ान पर उठे सवाल
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि मौसम खराब होने के बावजूद किस परिस्थिति में विमान ने उड़ान भरी, यह जांच का अहम विषय है। उन्होंने स्वीकार किया कि राज्य की चिकित्सीय व्यवस्था अभी बेहतर नहीं है और इसमें सुधार की आवश्यकता है।

विपक्ष पर साधा निशाना
डॉ. अंसारी ने कहा कि झारखंड में उच्च तकनीक से लैस अस्पताल स्थापित करने की योजना है, लेकिन विपक्ष विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करता रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस दौरान उपायुक्त कीर्तिश्री जी, पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल, स्थानीय सांसद कालीचरण सिंह, विधायक जनार्दन पासवान, अपार समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी जहूर आलम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप सुमन, सिविल सर्जन समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र