भूषण कुमार बने बॉलीवुड के सबसे अमीर शख्स, 36,300 करोड़ की संपत्ति के साथ रिच लिस्ट में 87वें नंबर पर

5-e1791012041995

नई दिल्ली: बॉलीवुड में सबसे अमीर सितारों की चर्चा होती है तो अक्सर शाहरुख खान, सलमान खान और अमिताभ बच्चन जैसे नाम सामने आते हैं। हालांकि, इस साल की रिच लिस्ट में टी-सीरीज के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक भूषण कुमार ने सभी को पीछे छोड़ दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी अनुमानित नेटवर्थ 36,300 करोड़ रुपये है और वह रिच लिस्ट में 87वें स्थान पर हैं। मनोरंजन जगत से टॉप 100 में जगह बनाने वाले वह इकलौते व्यक्ति बताए गए हैं।

रिच लिस्ट के आंकड़ों के मुताबिक, भूषण कुमार की अनुमानित संपत्ति लिस्ट में शामिल कई अन्य बॉलीवुड हस्तियों की कुल संपत्ति से भी ज्यादा बताई गई है। वहीं, शाहरुख खान की अनुमानित नेटवर्थ 10,000 करोड़ रुपये दर्ज की गई है। पिछले साल के मुकाबले उनकी संपत्ति में 2,490 करोड़ रुपये की कमी बताई गई है।

अमिताभ बच्चन की संपत्ति में बड़ा इजाफा

अमिताभ बच्चन की अनुमानित नेटवर्थ इस साल 4,000 करोड़ रुपये बताई गई है। पिछले साल यह आंकड़ा 1,630 करोड़ रुपये था। रिपोर्ट के मुताबिक, अमिताभ बच्चन ने पिछले कुछ वर्षों में रियल एस्टेट में भी निवेश किया है।

वहीं सलमान खान की अनुमानित नेटवर्थ 3,000 करोड़ रुपये और ऋतिक रोशन की संपत्ति 2,500 करोड़ रुपये बताई गई है। पिछले साल की सूची में जूही चावला और करण जौहर के नाम भी शामिल थे, लेकिन इस साल दोनों का नाम सूची में नहीं है।

नमित मल्होत्रा के पिता भी अमीरों की सूची में

मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों के अलावा फिल्म ‘रामायण’ के निर्माता नमित मल्होत्रा के पिता नरेश मल्होत्रा का नाम भी रिच लिस्ट में शामिल है। उनकी अनुमानित नेटवर्थ 16,000 करोड़ रुपये दर्ज की गई है।

19 साल की उम्र में संभाली टी-सीरीज की कमान

भूषण कुमार भारत की प्रमुख संगीत और फिल्म निर्माण कंपनियों में शामिल टी-सीरीज के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक हैं। वह कंपनी के संस्थापक गुलशन कुमार के बेटे हैं। पिता के निधन के बाद भूषण कुमार ने महज 19 साल की उम्र में टी-सीरीज की जिम्मेदारी संभाली थी।

गुलशन कुमार की 12 अगस्त 1997 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया जाता है कि उस समय टी-सीरीज अपने विस्तार के दौर में था। गुलशन कुमार रोज की तरह मंदिर से दर्शन करके बाहर निकले थे, तभी हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दी थीं। मामले में अंडरवर्ल्ड के जुड़ाव की बात सामने आई थी। हत्या के मामले में शूटर अब्दुल रऊफ मर्चेंट को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। जनवरी 2026 में जेल में उसकी मौत हो गई।

1983 में हुई थी टी-सीरीज की शुरुआत

टी-सीरीज की स्थापना गुलशन कुमार ने 11 जुलाई 1983 को की थी। कंपनी को 1988 में आमिर खान और जूही चावला की फिल्म ‘कयामत से कयामत तक’ से बड़ा ब्रेक मिला। फिल्म के गानों के 80 लाख कैसेट बिकने की बात कही गई है। इसके बाद 1990 में रिलीज हुई फिल्म ‘आशिकी’ के संगीत ने भी कई रिकॉर्ड बनाए। इसी कंपनी की जिम्मेदारी बाद में भूषण कुमार ने संभाली और अब रिच लिस्ट में उनकी अनुमानित नेटवर्थ 36,300 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र