लखनऊ होटल कांड: 10वीं मंजिल से गिरी प्रेमिका की मौत, कमरा नंबर 1037 में ठहरे थे दोनों; प्रेमी फरार

Celestial_Manor_Crime_Scene_Montage_1791854956815_xa0v_1791854964977_0Y1o_44388805-868e-4cce-9f87-0294569c644f_87Lr

Lucknow Hotel Death Case: लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में एक होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद उसके साथ ठहरा प्रेमी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

लखनऊ: होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत

लखनऊ: ओमेक्स न्यू हजरतगंज स्थित होटल सैलेस्टियल मैन्योर में सोमवार शाम एक युवती की 10वीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवती अपने प्रेमी के साथ होटल के कमरा नंबर 1037 में ठहरी थी। घटना के बाद युवक वहां से फरार हो गया।

यह घटना सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक दोनों सुबह होटल पहुंचे थे और करीब छह घंटे तक कमरे में रहे। शाम करीब साढ़े छह बजे युवती संदिग्ध हालात में होटल की 10वीं मंजिल से नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शुरू की जांच, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

डीसीपी साउथ मोहम्मद मुश्ताक के मुताबिक होटल के सिक्योरिटी इंचार्ज ने घटना की सूचना पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई है। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवती ने आत्महत्या की या फिर यह किसी हादसे का मामला है।

मृतका की पहचान समरीन के रूप में हुई

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान लखनऊ के चौक इलाके के हाता सूरत सिंह निवासी समरीन के रूप में हुई है। वहीं, उसके साथ होटल में ठहरा युवक सुल्तानपुर का रहने वाला अवनीश बताया जा रहा है।

घटना के बाद से अवनीश फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और युवती व युवक के बीच संबंधों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

परिवार को होटल पहुंचने की जानकारी नहीं थी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक समरीन के पिता मोहम्मद तज्जू चौपटिया इलाके में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी एक होटल में काम करती थी और सोमवार सुबह काम के लिए निकली थी। शाम को उन्हें उसकी मौत की जानकारी मिली।

परिवार को इस बात की जानकारी नहीं है कि समरीन होटल कैसे पहुंची और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई।

शिवा शर्मा हत्याकांड में आरोपी श्रद्धा नेपाल भागी

इसी बीच लखनऊ के चर्चित कारोबारी और कैफे संचालक शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार चल रही आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे अपनी बहन रश्मि के साथ नेपाल भाग गई है। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद श्रद्धा अपने पुराने संपर्कों और ड्राइवर आमिर समेत कुछ लोगों से मिली थी।

पुलिस का दावा है कि आमिर और आलमबाग निवासी दानिश ने दोनों को नेपाल पहुंचाने में मदद की। हजरतगंज पुलिस ने सोमवार को आमिर और दानिश के घर दबिश दी, लेकिन दोनों नहीं मिले। पुलिस ने परिवार के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई है।

शिवा शर्मा की मां रंजना ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस इस मामले में फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र