मेरठ के मंच पर भावुक हुए डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, आंसू पोंछते बोले- ‘हमने भी गरीबी देखी है’

untitled-2026-01-23t064452-1769130878

मेरठ में एक कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक उस वक्त भावुक हो गए, जब वह मंच से जनता को संबोधित कर रहे थे। गुरुवार को मेरठ दौरे पर पहुंचे डिप्टी सीएम एक कवि सम्मेलन में शामिल हुए थे। संबोधन के दौरान उन्होंने अपने जीवन के संघर्षों का जिक्र किया और मंच पर ही उनकी आंखें भर आईं। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि वह गरीबों के दर्द को गहराई से समझते हैं, क्योंकि उन्होंने खुद गरीबी में जीवन जिया है।

भावनाओं पर नहीं रख पाए काबू
कवि सम्मेलन के मंच से भाषण देते हुए डिप्टी सीएम बृजेश पाठक अचानक भावुक हो गए और रो पड़े। इस दौरान उन्होंने कहा कि पढ़ाई के समय उनके पास बुनियादी संसाधनों की भी कमी थी। उन्होंने बताया कि कभी पैंट होती थी तो जूते नहीं, और कभी जूते होते थे तो चप्पल। दोनों चीजें एक साथ होना दुर्लभ था।

गरीबी में बीता बचपन, संघर्षों से भरी कहानी
डिप्टी सीएम ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब वह पढ़ने के लिए गए तो उनकी मां ने स्टोव तो दिया, लेकिन तवा देना भूल गईं। ऐसे में उन्हें सीधे स्टोव के ऊपर रोटी सेंकनी पड़ी। उन्होंने कहा कि इन्हीं अनुभवों ने उन्हें गरीबों से जोड़कर रखा है और वह उनके दुख-दर्द को महसूस कर सकते हैं। इसी भावुकता के बीच उन्होंने यह भी कहा कि वह खुद को डिप्टी सीएम जैसे बड़े पद के योग्य नहीं मानते।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मंच पर भावुक हुए डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग उनके इस बयान और सादगी भरे अंदाज पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

मेरठ में कई कार्यक्रमों में की शिरकत
मेरठ दौरे के दौरान डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि नेताजी सुभाष जन्म दिवस समारोह समिति और पंवार वाणी फाउंडेशन की ओर से नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती पर आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन को उन्होंने संबोधित किया।

नेताजी को समर्पित प्रदर्शनी का किया अवलोकन
एक अन्य कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ने पी.एल. शर्मा स्मारक भवन, मेरठ में आज़ाद हिंद संघ द्वारा आयोजित नेताजी सुभाष चंद्र बोस को समर्पित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी नेताजी के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूँगा” जैसे ओजस्वी विचारों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करती है। डिप्टी सीएम के मुताबिक नेताजी का जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग और आत्मसम्मान की प्रेरणा देता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र