ओडिशा को 47,600 करोड़ की विकास सौगात! राष्ट्रपति के ससुराल पहुंचे पीएम मोदी, ‘सूर्यग्राम’ से लेकर निवेश तक किए कई बड़े ऐलान
भुवनेश्वर: ओडिशा में भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य को विकास की बड़ी सौगात दी। मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने लगभग 47,600 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री का यह दौरा इसलिए भी विशेष रहा क्योंकि इसी दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 68वां जन्मदिन था। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके योगदान की सराहना की।
राष्ट्रपति के ससुराल गांव को मिलेगा नई पहचान
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के ससुराल गांव पहाड़पुर को ‘सूर्यग्राम’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कोणार्क की प्रेरणा से इस गांव को सौर ऊर्जा आधारित आदर्श मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां परिवारों को सौर ऊर्जा का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
राष्ट्रपति के जन्मदिन पर विशेष संदेश
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मयूरभंज और ओडिशा का गौरव राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है। उन्होंने पहाड़पुर दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां के बच्चों में राष्ट्रपति के प्रति विशेष सम्मान और आत्मीयता देखने को मिली।
विकसित भारत में ओडिशा की भूमिका पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2036 में ओडिशा राज्य के गठन के 100 वर्ष और 2047 में देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होंगे। ऐसे में विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए ओडिशा का तेजी से आगे बढ़ना बेहद महत्वपूर्ण है।
मोहन माझी सरकार की उपलब्धियों की सराहना
प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार के दो साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ राज्य सरकार के प्रति जनता के विश्वास और समर्थन को दर्शाती है।
पूर्वी भारत को विकास का नया इंजन बताया
प्रधानमंत्री ने कहा कि पूर्वी भारत लंबे समय तक विकास की मुख्यधारा से दूर रहा, लेकिन अब यही क्षेत्र देश की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। उन्होंने ओडिशा में मिले लगभग 20 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों का उल्लेख करते हुए राज्य की बढ़ती संभावनाओं को रेखांकित किया।
मयूरभंज के लिए शिक्षा और ऊर्जा पर फोकस
प्रधानमंत्री ने मयूरभंज क्षेत्र में नए नवोदय विद्यालय की स्थापना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्र की नई पहलें युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई दिशा देंगी।
