नेपाल में दर्दनाक बस हादसा: 50 मीटर गहरी खाई में गिरी बस, शिक्षक की मौत; 10 यात्री घायल, एक की हालत गंभीर
पिथौरागढ़: भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के बैतडी जिले में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। धनगढ़ी से बैतडी जा रही एक यात्री बस गोठनापानी के पास अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य यात्री घायल हो गए। घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुदूर पश्चिम यातायात की बस बैतडी की ओर जा रही थी। रास्ते में गोठनापानी क्षेत्र के पास बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में दशरथ चंद नगरपालिका-6 सिम्याल निवासी शिक्षक बिरेंद्र बहादुर चंद की मौके पर ही मौत हो गई।
10 यात्री घायल, एक को किया गया रेफर
हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं। घायलों में लक्ष्मी ऐरी, हेम चन्द्र जोशी, पूर्णदेव जोशी, पूजा कार्की, उनकी तीन वर्षीय बेटी दृष्टि, ललिता लाबड, जानकी लाबड, लक्ष्मी साउद, कर्ण देव भट्ट और कविराज भट्ट शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल कविराज भट्ट को बेहतर इलाज के लिए धनगढ़ी के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।
चालक हिरासत में, तकनीकी खराबी की आशंका
जिला प्रहरी कार्यालय बैतडी के अधिकारियों ने हादसे के बाद बस चालक केशव महरा को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस के स्टीयरिंग सिस्टम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा टूट जाने से वाहन अनियंत्रित हो गया, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई।
पेड़ से टकराकर रुकी बस, टला बड़ा हादसा
स्थानीय प्रशासन के अनुसार बस खाई में गिरने के दौरान एक पेड़ से अटक गई, जिससे और बड़ा नुकसान होने से बच गया। अधिकारियों का कहना है कि यदि बस और नीचे चली जाती तो मृतकों और घायलों की संख्या कहीं अधिक हो सकती थी।
मृतक शिक्षक थे विद्यालय में तैनात
हादसे में जान गंवाने वाले बिरेंद्र बहादुर चंद स्थानीय विद्यालय भुवनेश्वर माध्यमिक विद्यालय, ठांड में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। घटना के समय बस में चालक समेत कुल 12 लोग सवार थे।
