UP Weather: यूपी में आज फिर झमाझम बारिश, 11 जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट; 36 जिलों में वज्रपात का खतरा
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सोमवार को भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी से उठा गहन अवदाब प्रदेश तक पहुंचते-पहुंचते स्पष्ट हवा के निम्न दबाव क्षेत्र में बदल चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को 11 जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं, 36 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है।
भारी बारिश के चलते प्रदेश में हादसों का सिलसिला भी जारी है। रविवार को 29 और लोगों की मौत हुई। शनिवार तक प्रदेशभर में बारिश से जुड़े हादसों में 60 लोगों की मौत हुई थी। रविवार के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 89 हो गया।
बारिश से अवध समेत कई इलाकों में मौतें
भारी बारिश से हुए हादसों में अवध क्षेत्र में 11 लोगों की जान गई। इनमें सबसे ज्यादा पांच मौतें सीतापुर में हुईं। बलरामपुर में मकान गिरने से टीनशेड के नीचे सो रही महिला की मौत हो गई। वहीं बारिश के दौरान सांप के काटने से एक युवक की भी जान चली गई।
बाराबंकी में दीवार और पेड़ गिरने की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हुई। गोंडा में आंधी-बारिश के दौरान पेड़ गिरने से नवजात की जान चली गई। बहराइच में मड़हे पर पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
इसके अलावा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में पांच, गोरखपुर और मुरादाबाद में चार-चार, बरेली में तीन और प्रयागराज जिले में दो लोगों की जान गई है।
इन 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
सोमवार को रामपुर, बरेली, बहराइच, बिजनौर, मुरादाबाद, लखीमपुर खीरी, अमरोहा, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में लोगों को मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
36 जिलों में बिजली गिरने और तेज हवा का खतरा
सिद्धार्थनगर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, देवरिया, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और आसपास के क्षेत्रों में बादल गरजने के साथ बिजली गिरने की आशंका है।
इन इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है। बारिश और आंधी के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
बारिश के चलते इन जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद
भारी बारिश को देखते हुए लखीमपुर खीरी, रामपुर, पीलीभीत और मुरादाबाद में जिलाधिकारियों ने सोमवार 28 सितंबर को कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है। आदेश के मुताबिक सरकारी, निजी और सभी बोर्ड से जुड़े स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे।
वहीं, बरेली में स्कूलों के साथ डिग्री कॉलेज भी बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
