पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस ने तेज की तैयारी, 42 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति गठित; परगट सिंह को मिली कमान

00000000000000-8
चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक दलों ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस ने भी प्रचार अभियान का बिगुल फूंकते हुए प्रदेश चुनाव समिति का गठन कर दिया है। पार्टी आगामी चुनाव में नशे की समस्या, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और महंगाई को प्रमुख मुद्दा बनाने की तैयारी में है। समिति को तत्काल प्रभाव से काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

कांग्रेस के रणनीतिकारों का मानना है कि राज्य में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियां पार्टी के लिए अनुकूल हो सकती हैं। इसकी एक बड़ी वजह आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ लोगों में बढ़ती नाराजगी और शिरोमणि अकाली दल के घटते जनाधार को माना जा रहा है। हालांकि, कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने वोट प्रतिशत को बढ़ाने की है।

दरअसल, पंजाब में शहरी मतदाताओं का एक बड़ा हिस्सा भाजपा का समर्थन करता रहा है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस की पकड़ मजबूत मानी जाती थी। लेकिन आम आदमी पार्टी के उभार के बाद ग्रामीण मतदाताओं का समर्थन भी कई राजनीतिक दलों के बीच बंट गया है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 42 प्रतिशत वोट हासिल कर 92 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं, कांग्रेस को 22 प्रतिशत वोट के साथ केवल 18 सीटें मिली थीं।

कांग्रेस ने बनाई 42 सदस्यीय चुनाव समिति

पंजाब में चुनावी तैयारियों को गति देने के लिए कांग्रेस ने प्रदेश चुनाव समिति का गठन किया है। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने समिति के सदस्यों के नामों को मंजूरी दे दी है। साथ ही समिति को तत्काल प्रभाव से अपना काम शुरू करने के लिए कहा गया है।

पूर्व मंत्री परगट सिंह को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा समिति में प्रताप सिंह बाजवा, अंबिका सोनी, राजिंदर कौर भट्टल, चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, मनीष तिवारी, विजय इंदर सिंगला, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, शमशेर सिंह दुल्लो, सुखपाल सिंह खैरा और अमर सिंह समेत कुल 42 सदस्य शामिल किए गए हैं।

आम आदमी पार्टी ने भी शुरू की चुनावी तैयारी

दूसरी ओर, पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी भी चुनावी मोड में नजर आ रही है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को राज्य की जनता से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि जब तक पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार रहेगी, तब तक महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता, 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त बिजली जैसी सुविधाएं मिलती रहेंगी।

इस दौरान मान ने कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन राजनीतिक दलों को पंजाब की जनता ने कई बार सत्ता में आने का मौका दिया, लेकिन उनके शासनकाल में राज्य की समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया। ऐसे में आम आदमी पार्टी अपनी सरकार की योजनाओं और कामकाज को लेकर जनता के बीच जाने की तैयारी कर रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र