रियाद एयरपोर्ट पर एअर इंडिया का टर्मिनल बदला: 25 फरवरी से सभी उड़ानें टर्मिनल 5 से, यात्रियों के लिए अहम सूचना

air-india-1771869526336_v

नई दिल्ली। सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (KKIA) पर चल रहे व्यापक टर्मिनल पुनर्गठन के बीच एअर इंडिया ने अपने परिचालन में बड़ा बदलाव किया है। 25 फरवरी 2026 से रियाद से आने-जाने वाली एयर इंडिया की सभी आवक और प्रस्थान उड़ानें अब टर्मिनल 5 से संचालित होंगी।

एयर इंडिया ने 23 फरवरी को आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि यह बदलाव 25 फरवरी से प्रभावी होगा। एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे टिकट बुकिंग के दौरान अपनी अपडेटेड संपर्क जानकारी साझा करें, ताकि उन्हें उड़ानों से संबंधित किसी भी बदलाव की समय पर सूचना मिल सके।

सोशल मीडिया पर दी आधिकारिक जानकारी
एयर इंडिया ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर स्पष्ट किया कि 25 फरवरी 2026 से रियाद के लिए सभी उड़ानें किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल 5 से संचालित की जाएंगी। एयरलाइन ने यात्रियों को किसी भी सहायता या अतिरिक्त जानकारी के लिए 24×7 कॉल सेंटर नंबर +91 1169329333 और +91 1169329999 पर संपर्क करने या आधिकारिक वेबसाइट देखने की सलाह दी है।

रियाद एयरपोर्ट पर बड़े स्तर पर टर्मिनल पुनर्गठन
रियाद एयरपोर्ट्स कंपनी (RAC) द्वारा संचालित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 16 फरवरी से 25 फरवरी तक टर्मिनल परिवर्तन परियोजना लागू की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों के प्रवाह को सुगम बनाना और समग्र यात्रा अनुभव के साथ परिचालन दक्षता को बेहतर करना है।

25 फरवरी से नई व्यवस्था लागू
नई योजना के तहत 25 फरवरी से टर्मिनल 5 को विदेशी एयरलाइंस द्वारा संचालित सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए निर्धारित किया जाएगा। वहीं, टर्मिनल 3 को टर्मिनल 4 के साथ मिलाकर राष्ट्रीय एयरलाइंस की घरेलू उड़ानों के लिए उपयोग में लाया जाएगा। इससे कनेक्टिंग फ्लाइट्स के यात्रियों के लिए प्रतीक्षा समय कम होने की उम्मीद है।

क्षमता में 33% बढ़ोतरी का लक्ष्य
परियोजना के तहत एयरपोर्ट की कुल क्षमता में लगभग 33 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है। पिछले वर्ष 42 मिलियन यात्रियों की तुलना में 2026 के अंत तक यह संख्या बढ़कर 56 मिलियन तक पहुंचने का अनुमान है। साथ ही वार्षिक पारगमन और कनेक्टिंग यात्रियों की क्षमता को बढ़ाकर 75 लाख तक ले जाने की योजना है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र