Lucknow IT City Scheme: 336 किसानों को मिलेंगे 870 प्लॉट, 28 फरवरी को लॉन्च होगी LDA की आवासीय योजना

लखनऊ। राजधानी में विकसित हो रही आईटी सिटी योजना को लेकर लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने बड़ा फैसला लिया है। योजना के तहत 336 किसानों को कुल 870 विकसित भूखंड आवंटित किए जाएंगे। इसके लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार कर ली गई है और बोर्ड बैठक में इस पर मुहर लगना तय माना जा रहा है। एलडीए ने 28 फरवरी को इस बहुप्रतीक्षित आवासीय योजना को लॉन्च करने का निर्णय लिया है।
यह भूखंड उन भू-स्वामियों को दिए जाएंगे जिन्होंने लैंड पूलिंग नीति के तहत अपनी जमीन निशुल्क उपलब्ध कराई है। पहले चरण में 35 वर्गमीटर से लेकर 288 वर्गमीटर तक के प्लॉट लॉन्च किए जाएंगे। आम नागरिकों के लिए प्रस्तावित दर 4,000 रुपये प्रति वर्गफीट तय की गई है।
3490 एकड़ में विकसित हो रही IT सिटी योजना
सुल्तानपुर रोड पर करीब 3490 एकड़ क्षेत्रफल में आईटी सिटी योजना का विकास कार्य चल रहा है। इसके लिए मोहनलालगंज तहसील के ग्राम बक्कास, सोनई कंजेहरा, सिकंदरपुर अमोलिया, सिद्धपुरा, परेहटा, पहाड़नगर टिकरिया, रकीबाबाद, मोहारी खुर्द, मोहारी कला, खुजौली और भटवारा की भूमि शामिल की गई है।
प्राधिकरण बोर्ड के निर्णय के मुताबिक लैंड पूलिंग, भूमि अर्जन और आपसी सहमति से क्रय की प्रक्रिया के माध्यम से जमीन जुटाई जा रही है।
लॉटरी के जरिए होगा भूखंड आवंटन
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने जानकारी दी कि जिन भू-स्वामियों ने लैंड पूलिंग एग्रीमेंट किया है, उन्हें योजना क्षेत्र में ही विकसित भूखंड निशुल्क दिए जाएंगे। सभी पात्र किसानों को लॉटरी प्रणाली के माध्यम से प्लॉट आवंटित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि योजना के सेक्टर-15, 16, 17 और 18 में आवासीय भूखंड नियोजित किए जा रहे हैं। भू-स्वामियों की मौजूदगी में लॉटरी ड्रा का आयोजन इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में किया जाएगा। बेहतर रोड कनेक्टिविटी के चलते यह योजना भविष्य में आवासीय दृष्टि से बेहद उपयोगी साबित होगी।
आम लोगों के लिए बाद में खुलेगा पंजीकरण
योजना में 35 वर्गमीटर से लेकर 288 वर्गमीटर तक के आवासीय प्लॉट शामिल हैं। पहले लैंड पूलिंग के तहत किसानों को भूखंड आवंटित किए जाएंगे, इसके बाद आम नागरिकों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
राजधानी लखनऊ में तेजी से विकसित हो रही आईटी सिटी योजना को रियल एस्टेट और निवेश के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
