अमेरिका-ईरान जंग चौथे दिन भी तेज, ईरान पर फिर बरसीं मिसाइलें; बहरीन-कुवैत पर हमले का दावा, होर्मुज में बढ़ा तनाव

download

वॉशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। अमेरिकी सेना ने दक्षिणी ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर नए हमले किए, जबकि ईरान ने जवाबी कार्रवाई में बहरीन स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों और कुवैत पर हमले का दावा किया है। दोनों देशों के बीच बढ़ते टकराव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव और गहरा गया है, जिससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और समुद्री व्यापार को लेकर चिंता बढ़ गई है।

दक्षिणी ईरान के कई ठिकानों पर अमेरिकी हमले

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी सेना ने दक्षिणी ईरान के बंपुर, चाबहार, बंदर अब्बास और सिरिक के आसपास स्थित कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इन इलाकों में कई विस्फोटों की खबर सामने आई है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड का कहना है कि पर्शियन गल्फ और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास ईरान की सैन्य क्षमताओं को कमजोर करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।

ईरान का पलटवार, बहरीन और कुवैत पर हमले का दावा

अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने बहरीन में अमेरिकी सैन्य अड्डों पर मिसाइल हमला करने का दावा किया। इसके साथ ही कुवैत पर भी हमला किए जाने का दावा किया गया है। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिनमें बहरीन की वायु रक्षा प्रणाली मिसाइलों को रोकने की कोशिश करती दिखाई दे रही है। वहीं एक अन्य वीडियो में कुवैत के एक गोदाम से ड्रोन टकराने का दावा किया गया है।

ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी फिर शुरू

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा है कि ईरानी बंदरगाहों और तटीय इलाकों से आने-जाने वाले जहाजों की नौसैनिक नाकेबंदी दोबारा शुरू कर दी गई है। अमेरिकी सेना के अनुसार, मध्य पूर्व में फिलहाल 20 से अधिक युद्धपोत और सैकड़ों लड़ाकू विमान सक्रिय तैनाती पर हैं।

ट्रंप ने ईरान को दी कड़ी चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि हालात नहीं बदले तो अमेरिका और भी बड़े सैन्य हमले करेगा। दूसरी ओर होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव के कारण जहाजों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और कई तेल टैंकर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

24 घंटे में होर्मुज से केवल चार जहाज गुजरे

रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी नाकेबंदी के बाद पिछले 24 घंटों में होर्मुज जलडमरूमध्य से केवल चार जहाज गुजर सके। इसके चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 85 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है।

ईरान ने संसद में पेश किया नया प्रस्ताव

ईरान में 180 सांसदों के समर्थन से एक प्रस्ताव पेश किया गया है, जिसमें अमेरिका के साथ मौजूदा समझौतों को समाप्त करने, भविष्य की सभी वार्ताएं रोकने और अमेरिकी हमलों का जवाब देने की मांग की गई है।

जॉर्डन ने तीन मिसाइलें मार गिराने का दावा किया

जॉर्डन ने कहा है कि उसने ईरान की ओर से दागी गई तीन मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया। वहीं ईरान ने बहरीन, कुवैत और अन्य लक्ष्यों पर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।

अमेरिका ने आर्थिक दबाव भी बढ़ाया

सैन्य कार्रवाई के साथ-साथ अमेरिका ने ईरान पर आर्थिक दबाव भी बढ़ाया है। तेल निर्यात से जुड़े 50 से अधिक ठिकानों और संस्थाओं पर नए प्रतिबंध लगाए गए हैं। वहीं ईरान के सरकारी प्रवक्ता का दावा है कि हाल के अमेरिकी हवाई हमलों में 30 से अधिक लोगों की मौत हुई है।

होर्मुज टैक्स पर ट्रंप ने बदला फैसला

इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर 20 प्रतिशत टैक्स लगाने के अपने प्रस्ताव को 24 घंटे के भीतर वापस ले लिया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र