‘जिस शो में गई, वहीं अफेयर रहा…’ शिल्पा शिंदे के बयान से मचा बवाल, शिवांगी जोशी पर टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर भड़के फैंस
मुंबई: रियलिटी शो ‘लॉकअप 2’ में शिल्पा शिंदे और शिवांगी जोशी के बीच बढ़ती तनातनी लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। शो में एंट्री के बाद से ही शिल्पा कई प्रतिभागियों के साथ विवादों में रही हैं। हालिया एपिसोड में उन्होंने शिवांगी जोशी की निजी जिंदगी को लेकर ऐसी टिप्पणी की, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें तीखी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।
शिल्पा बोलीं- जल्द होगा आमना-सामना
हालिया एपिसोड में शिल्पा शिंदे, श्रेया कालरा से बातचीत के दौरान कहती नजर आईं कि उन्हें लगता है कि जल्द ही उनका और शिवांगी जोशी का आमना-सामना होगा। उन्होंने कहा कि शिवांगी सामने आने पर उनकी तारीफ करती हैं, लेकिन वास्तव में उन्हें पसंद नहीं करतीं और उनसे नाराज रहती हैं। इस पर श्रेया कालरा ने जवाब दिया कि शिवांगी ऐसे लोगों से दोस्ती नहीं करतीं।
शिवांगी की पर्सनल लाइफ पर की टिप्पणी
बातचीत के दौरान शिल्पा शिंदे ने शिवांगी जोशी की निजी जिंदगी पर भी टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि शिवांगी ने जिन-जिन शो में काम किया, वहां उनके सह-कलाकारों के साथ उनके अफेयर की चर्चाएं रहीं। बातचीत में उन्होंने अभिनेता कुशाल टंडन का भी जिक्र किया और शिवांगी के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कई व्यक्तिगत टिप्पणियां कीं।
शो में इससे पहले भी शिल्पा शिंदे शिवांगी जोशी को लेकर विवादित बयान दे चुकी हैं। हाल ही में उन्हें शो का कंट्रोलर बनाया गया था, जिसके बाद उन्होंने शिवांगी को उनके दोस्त हर्षद चोपड़ा से बातचीत करने से भी रोक दिया था। इस घटना के बाद शिवांगी भावुक होकर रो पड़ी थीं।
सोशल मीडिया पर शिल्पा शिंदे की आलोचना
एपिसोड का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने शिल्पा शिंदे के बयान की आलोचना की। कुछ लोगों ने इसे चरित्र हनन बताया, जबकि कई यूजर्स ने लिखा कि किसी की निजी जिंदगी पर इस तरह की टिप्पणी करना गलत है। कुछ लोगों ने शो के निर्माताओं से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।
शो में पहले भी हो चुके हैं कई विवाद
‘लॉकअप 2’ में एंट्री लेने के बाद से शिल्पा शिंदे कई विवादों का हिस्सा रही हैं। इससे पहले उनका गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा और अभिनेता राम कपूर के साथ भी तीखा विवाद देखने को मिला था। अब शिवांगी जोशी को लेकर दिया गया उनका बयान शो के सबसे चर्चित मुद्दों में शामिल हो गया है।
