आजमगढ़ मेडिकल कॉलेज को मिली बड़ी सौगात: 17 सीनियर रेजीडेंट डॉक्टरों की तैनाती, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद
आजमगढ़: उत्तर प्रदेश सरकार के प्रयासों के तहत आजमगढ़ स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज व सुपर फैसिलिटी अस्पताल में 17 सीनियर रेजीडेंट डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है। इस कदम से न केवल चिकित्सा सेवाओं में सुधार होगा, बल्कि मेडिकल कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, इन डॉक्टरों का चयन महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा, लखनऊ की अध्यक्षता में आयोजित साक्षात्कार प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। चयन बोर्ड में मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. बासुदेव सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि सभी चयनित डॉक्टर विभिन्न विशेषज्ञताओं में प्रशिक्षित हैं और उनकी तैनाती से अस्पताल में मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
17 विशेषज्ञ डॉक्टरों की हुई तैनाती
चयनित डॉक्टरों में रेडियो डायग्नोसिस, जनरल सर्जरी, बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, एनेस्थीसिया, त्वचा रोग, जनरल मेडिसिन, आर्थोपेडिक और रेस्पिरेटरी मेडिसिन जैसे विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ शामिल हैं।
इनमें नीरज मीना (रेडियो डायग्नोसिस), जियाउर्रहमान, ओबैदुल्ला और शुभम चौबे (जनरल सर्जरी), कुमार एस श्रीवास्तव, मधुर कुमार आर्य और रंजना चौधरी (बाल रोग), मोनिका सिंह और माहविश फातिमा (स्त्री रोग), गजला परवीन और सचिन जायसवाल (नेत्र रोग), अजय कुमार और योगेश कुमार (एनेस्थीसिया), कुमार सानू (डर्मेटोलॉजी), आनंद शर्मा (जनरल मेडिसिन), कुमार अनिकेत (ऑर्थोपेडिक) और संजीव कुमार सिंह (रेस्पिरेटरी मेडिसिन) शामिल हैं।
मरीजों को मिलेगी बेहतर सुविधा
अस्पताल प्रशासन का मानना है कि इन विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती से मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिलेगा और रेफरल मामलों में भी कमी आएगी। साथ ही मेडिकल छात्रों को भी उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।
