वेदांता पावर प्लांट हादसे पर बड़ा ऐलान, मृतकों के परिजनों को 35 लाख और घायलों को 15 लाख तक मुआवजा

vedanta-power-plant-blast-news-cover-1776222967012_v

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे के बाद कंपनी ने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों को 35 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जबकि गंभीर रूप से घायलों को 15 लाख रुपये तक की मदद देने का एलान किया गया है। इस घोषणा के साथ ही प्रभावित परिवारों को कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

परिवार के एक सदस्य को नौकरी का भी आश्वासन

कंपनी की ओर से यह भी कहा गया है कि मृतकों के परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी दी जाएगी। हालांकि, स्थानीय लोगों ने इस बीच घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।

बॉयलर ब्लास्ट में गई 14 मजदूरों की जान

बताया जा रहा है कि मंगलवार को पावर प्लांट में एक भीषण बॉयलर ब्लास्ट हुआ था। हादसे के वक्त प्लांट में करीब 50 मजदूर मौजूद थे। इस दुर्घटना में 14 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हो गए। इनमें से 6 की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और वे वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।

चेयरमैन ने जताया दुख, विपक्ष ने उठाए सवाल

हादसे के बाद कंपनी के चेयरमैन ने सोशल मीडिया पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए इसे व्यक्तिगत क्षति बताया। वहीं, विपक्षी नेताओं ने इस घटना को प्रबंधन की लापरवाही करार देते हुए सवाल उठाए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का भी कहना है कि प्लांट में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन नहीं किया जा रहा था और विस्फोट इतना तेज था कि मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

बिजली उत्पादन का प्रमुख केंद्र है प्लांट

सक्ती जिले में स्थित यह पावर प्लांट मुख्य रूप से कोयले के जरिए बिजली उत्पादन करता है। यहां उत्पादित बिजली का उपयोग आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों और ग्रिड सप्लाई में किया जाता है। प्लांट में कोयले की प्रोसेसिंग, बॉयलर संचालन और टर्बाइन के माध्यम से उत्पादन की प्रक्रिया संचालित होती है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र