करोड़ों PF खाताधारकों को बड़ी राहत, अप्रैल से लागू होगा नया सिस्टम, UPI से तुरंत निकलेगा EPFO का पैसा

2026_2image_09_05_381342685epfo-ll

नई दिल्ली: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन से जुड़ा एक बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव सामने आया है। अब पीएफ निकालने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर और लंबा इंतजार बीते दिनों की बात होने जा रही है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने करोड़ों सदस्यों के लिए एक नया डिजिटल सिस्टम लाने की तैयारी में है, जिसके तहत UPI के जरिए PF की रकम सीधे निकाली जा सकेगी। सरकार अप्रैल से एक नया हाई-टेक मोबाइल ऐप लॉन्च करने जा रही है, जिससे गूगल पे और फोन पे की तरह PF का पैसा भी चंद सेकंड में खाते में पहुंचेगा।

EPFO 3.0 से बदलेगा PF निकालने का पूरा सिस्टम
श्रम मंत्रालय इस वक्त अपने सबसे बड़े डिजिटल रिफॉर्म अभियान ‘EPFO 3.0’ पर तेजी से काम कर रहा है। इसी के तहत EPFO सिस्टम को UPI पेमेंट गेटवे से जोड़ा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक इस नई व्यवस्था का ट्रायल शुरू हो चुका है। तकनीकी टीम 100 से अधिक डमी खातों पर टेस्टिंग कर रही है, ताकि अप्रैल में आम लोगों के लिए ऐप लॉन्च होने के बाद किसी तरह की तकनीकी दिक्कत न आए। इस बदलाव से PF निकासी प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी होगी और कर्मचारियों को अपने पैसे पर तुरंत नियंत्रण मिलेगा।

UPI से PF निकासी में लागू होंगे नए नियम
नई सुविधा के साथ सरकार ने सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी है। नए लेबर कोड के प्रावधानों के अनुसार, UPI के जरिए PF निकालते समय खाते की कुल जमा राशि का 25 प्रतिशत हिस्सा सुरक्षित रखा जाएगा। यानी खाताधारक केवल 75 प्रतिशत रकम ही निकाल सकेंगे, जबकि बाकी हिस्सा भविष्य के लिए फ्रीज रहेगा। नए ऐप के जरिए सिर्फ PF निकालना ही नहीं, बल्कि रियल टाइम में पासबुक चेक करना और अकाउंट से जुड़े दूसरे जरूरी अपडेट्स भी तुरंत देखे जा सकेंगे।

पुराने प्लेटफॉर्म रहेंगे चालू
हालांकि नया ऐप और UPI सिस्टम PF निकासी को तेज और आसान बनाएगा, लेकिन EPFO अपने मौजूदा प्लेटफॉर्म्स को बंद नहीं करेगा। उमंग ऐप और UAN पोर्टल पहले की तरह काम करते रहेंगे। फिलहाल ऑटो-सेटलमेंट मोड के तहत PF की राशि 3 दिनों के भीतर खाते में पहुंच जाती है और हाल ही में इसकी सीमा 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई है। हर साल 5 करोड़ से ज्यादा क्लेम सेटल करने वाला EPFO अब UPI सिस्टम के जरिए इस प्रक्रिया को और ज्यादा तेज करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र