गांव-कस्बों में गाड़ियों की बंपर खरीद, भारत बना दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऑटो बाजार, जनवरी में बिक्री ने रचा इतिहास

भारत का ऑटोमोबाइल सेक्टर इस समय रिकॉर्ड रफ्तार में दौड़ता नजर आ रहा है। चीन और अमेरिका के बाद भारत ने अब दुनिया के तीसरे सबसे बड़े वाहन बाजार के रूप में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा दी है। जनवरी 2026 में वाहन रिटेल बिक्री ने नया कीर्तिमान बनाते हुए 27 लाख यूनिट का आंकड़ा पार कर लिया। सालाना आधार पर करीब 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी ने साफ कर दिया है कि ऑटो सेक्टर की सेहत बेहद मजबूत बनी हुई है।
GST 2.0 के बाद ऑटो सेक्टर में लौटी जबरदस्त तेजी
ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के संघ (FADA) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, GST 2.0 लागू होने के बाद ऑटो सेक्टर में नई ऊर्जा देखने को मिली है। जनवरी 2026 में देशभर में कुल 27,22,558 वाहनों की रिटेल बिक्री दर्ज की गई, जबकि जनवरी 2025 में यह आंकड़ा 23,14,940 यूनिट था। डीलर्स को फरवरी और मार्च में भी मांग मजबूत बने रहने की उम्मीद है।
चार पहिया और दोपहिया दोनों सेगमेंट में रिकॉर्ड ग्रोथ
जनवरी 2026 वाहन बिक्री के लिहाज से ऐतिहासिक महीना साबित हुआ। इस दौरान कुल रिटेल बिक्री में 17.61 प्रतिशत की सालाना बढ़त दर्ज की गई। चार पहिया वाहनों की बिक्री जनवरी में 5,13,475 यूनिट तक पहुंची, जो पिछले साल की तुलना में लगभग 7 प्रतिशत अधिक है। वहीं दोपहिया सेगमेंट ने सबसे ज्यादा रफ्तार दिखाई। जनवरी 2026 में कुल 18,52,870 दोपहिया वाहन बिके, जो सालाना आधार पर करीब 21 प्रतिशत की बड़ी छलांग है।
गांव और छोटे शहर बने ऑटो ग्रोथ के नए इंजन
FADA के अध्यक्ष सीएस विग्नेश्वर के मुताबिक, बड़े महानगरों की तुलना में छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में वाहन बिक्री की रफ्तार कहीं ज्यादा तेज है। आंकड़े बताते हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में चार पहिया वाहनों की बिक्री 14.43 प्रतिशत बढ़ी, जबकि शहरी इलाकों में यह बढ़ोतरी सिर्फ 2.75 प्रतिशत रही। SUV और कॉम्पैक्ट SUV की मांग में खासतौर पर जबरदस्त उछाल देखा गया है। फेस्टिव सीजन, शादियों की बढ़ती संख्या और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सुधार ने इस ग्रोथ को और मजबूती दी है।

कमर्शियल वाहन और ट्रैक्टर सेगमेंट ने भी दिखाया दम
जनवरी महीने में थ्री-व्हीलर और कमर्शियल वाहनों की रिटेल बिक्री में क्रमशः 19 प्रतिशत और 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं ट्रैक्टर रजिस्ट्रेशन सालाना आधार पर 23 प्रतिशत उछलकर 1,14,759 यूनिट पर पहुंच गया। FADA के अनुसार, आने वाले तीन महीनों को लेकर कारोबारी माहौल बेहद सकारात्मक बना हुआ है। करीब 79.70 प्रतिशत डीलर्स को बिक्री में और तेजी की उम्मीद है, जबकि सिर्फ 1.88 प्रतिशत डीलर्स ने गिरावट की आशंका जताई है। यह भरोसा साफ संकेत देता है कि भारतीय ऑटो सेक्टर की रफ्तार फिलहाल थमने वाली नहीं है।
