आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा: बस–ट्रक की टक्कर के बाद लगी आग, ड्राइवर समेत 3 की मौत

नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के नंदयाल जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। नेल्लोर से हैदराबाद जा रही एक यात्री बस और कंटेनर लॉरी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि बस में देखते ही देखते आग लग गई। इस हादसे में ड्राइवर समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बीती रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चलती बस का दाहिना टायर अचानक फट गया, जिससे बस असंतुलित हो गई। नियंत्रण खोने के बाद बस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से भिड़ गई। टक्कर के तुरंत बाद बस और ट्रक दोनों में आग भड़क उठी।
खिड़कियां तोड़कर बाहर निकले यात्री
कंटेनर ट्रक में मोटरसाइकिलें लदी हुई थीं। टक्कर के बाद आग इतनी तेजी से फैली कि बस में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने बस के कांच तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की। कई यात्रियों ने खिड़कियों से नीचे छलांग लगाकर अपनी जान बचाई, जिससे कई लोग घायल भी हो गए।
ड्राइवर समेत तीन की मौके पर मौत
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे। इस हादसे में बस चालक, ट्रक चालक और एक सफाईकर्मी की मौत हो गई। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।

चार यात्रियों की हालत गंभीर
हादसे के समय बस में कुल 36 यात्री सवार थे। इनमें से चार यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें नंदयाल जिले के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का भी इलाज जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह बस का टायर फटना बताई जा रही है।
तीन महीने में बस आग की दूसरी घटना
गौर करने वाली बात यह है कि बस में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले अक्टूबर 2025 में आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में भी एक बस में आग लगने से 20 यात्रियों की मौत हो गई थी। महज तीन महीनों में दूसरी ऐसी घटना सामने आने के बाद राज्य में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
