वैलेंटाइन डे पर दिल को दें हेल्दी गिफ्ट: खुश रहें, योग करें और अपनाएं आयुर्वेदिक आदतें, हार्ट रहेगा मजबूत
वैलेंटाइन डे को आमतौर पर प्यार के इज़हार के दिन के रूप में देखा जाता है, लेकिन विशेषज्ञों के मुताबिक यह दिन दिल की सेहत को समझने और सुधारने की याद दिलाने का भी बेहतरीन मौका हो सकता है। वैज्ञानिक शोध बताते हैं कि जब व्यक्ति खुश रहता है तो शरीर में ऑक्सिटोसिन, डोपामिन और सेरोटोनिन जैसे “फील-गुड” हार्मोन बढ़ते हैं, जो ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने, हार्ट रेट नियंत्रित करने और दिल की बीमारी के खतरे को लगभग 22% तक कम करने में मदद करते हैं। तनाव कम होने पर कॉर्टिसोल घटता है, ब्लड वेसल्स रिलैक्स होती हैं और शरीर को रिपेयर होने का समय मिलता है।
पॉजिटिव लाइफस्टाइल से दिल रहेगा फिट
डॉक्टर्स का कहना है कि सकारात्मक सोच, पर्याप्त नींद और नियमित एक्सरसाइज दिल को लंबे समय तक स्वस्थ बनाए रखते हैं। रोजाना समय पर भोजन करना, कम से कम 30 मिनट वॉक करना, 7–8 घंटे की नींद लेना, तनाव कम रखना और नियमित हेल्थ चेकअप कराना हार्ट हेल्थ के लिए बेहद जरूरी है। विशेषज्ञों के अनुसार प्यार का असली अर्थ अपने शरीर और दिल की देखभाल करना भी है।
दिल मजबूत रखने के लिए अपनाएं ये आदतें
हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाना दिल की सुरक्षा का सबसे आसान तरीका माना जाता है। सुबह जल्दी उठना, योग और प्राणायाम करना, तला-भुना भोजन कम करना, ताजा और गर्म खाना खाना, सलाद और मौसमी फल शामिल करना तथा दही-छाछ का सेवन करना फायदेमंद है। ज्यादा चीनी, नमक, मैदा, रिफाइंड फूड और अधिक चावल से दूरी रखना बेहतर माना जाता है। पर्याप्त पानी पीना, धूप में समय बिताना, पार्क में टहलना, शौक पूरे करना और मेडिटेशन भी हार्ट हेल्थ को सपोर्ट करते हैं।
वजन और बीपी कंट्रोल रखना जरूरी
विशेषज्ञों के मुताबिक मोटापा दिल की बीमारियों का बड़ा कारण है, इसलिए वजन नियंत्रित रखना जरूरी है। सुबह खाली पेट नींबू पानी, हल्का भोजन, सलाद और फाइबर-युक्त डाइट मददगार हो सकती है। बीपी संतुलित रखने के लिए नमक कम करें, शराब सीमित करें और धूम्रपान से बचें। वहीं कोलेस्ट्रॉल घटाने के लिए अलसी के बीज, ओट्स, बादाम, पिस्ता और संतरे का जूस डाइट में शामिल करना लाभकारी माना जाता है।
