‘सुर्खियां बटोरने वाला बजट, अच्छे दिन पर फिरा पानी’ — मायावती का यूपी बजट 2026-27 पर तीखा हमला

Mayawatis-statement-on-law-and-order-in-UP

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में पेश किए गए वर्ष 2026-27 के बजट को लेकर योगी सरकार पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह बजट लोकलुभावन अधिक और जनता के वास्तविक उत्थान के प्रति कम प्रतिबद्ध नजर आता है। उनके मुताबिक, बजट में की गई घोषणाएं और आश्वासन तब ही सार्थक होंगे जब उन्हें समयबद्ध और प्रभावी तरीके से लागू किया जाए, अन्यथा वे केवल कागजी साबित होंगे।

मायावती ने कहा कि अगर सरकार पिछले वर्ष के बजट के जमीनी क्रियान्वयन का ठोस और विश्वसनीय आंकड़ा प्रस्तुत करती तो बजट भाषण अधिक विश्वसनीय बनता। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान बजट अखबारों की सुर्खियां बटोरने वाला अधिक प्रतीत होता है, जिससे लोगों की ‘अच्छे दिन’ की उम्मीदों पर फिर पानी फिरता नजर आ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश की जनता स्थायी आमदनी वाले रोजगार की व्यवस्था का इंतजार कर रही है और इस दिशा में सरकार को गंभीरता व सक्रियता दिखानी चाहिए।

आरक्षण और बैकलॉग भर्ती पर सरकार को घेरा

बसपा सुप्रीमो ने कहा कि एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर सरकार को समुचित ध्यान देना चाहिए। उन्होंने बैकलॉग भर्तियों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की। मायावती ने कहा कि भाजपा सरकार यदि बीएसपी की चारों सरकारों की तरह ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ के संवैधानिक दायित्व को निष्ठा और ईमानदारी से निभाए, तो यह देश और जनहित में बेहतर होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि बजट वर्ग या क्षेत्र विशेष तक सीमित न होकर करोड़ों गरीबों और किसानों के जीवन में सुधार लाने वाला होना चाहिए।

तीन राज्यों की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर

मायावती ने जानकारी दी कि अखिल भारतीय स्तर पर पार्टी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के क्रम में राजस्थान सहित तीन राज्यों के वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इन बैठकों में संबंधित राज्यों की राजनीतिक परिस्थितियों के मद्देनजर संगठन की तैयारियों और सर्वसमाज में पार्टी के जनाधार को मजबूत करने पर चर्चा हुई। दिल्ली में हुई पिछली बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों की प्रगति रिपोर्ट की भी समीक्षा की गई।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे उत्तर प्रदेश की तरह अन्य राज्यों में भी संगठन को मजबूत कर सत्ता प्राप्ति का लक्ष्य निर्धारित करें। मायावती ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संघर्ष से मिले संवैधानिक अधिकारों, विशेषकर आरक्षण, का लाभ बहुजन समाज को सही तरीके से मिलना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि यूपी में बीएसपी की चारों सरकारों के दौरान बहुजन समाज ने पहली बार आत्मसम्मान और अधिकारों की वास्तविक अनुभूति की।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र