वृंदावन में बड़ा हादसा: उद्घाटन से पहले होटल में भीषण आग, अंदर फंसे बच्चों समेत कई लोगों का रेस्क्यू

mathura-news

मथुरा: धार्मिक नगरी वृंदावन के रुक्मिणी विहार कॉलोनी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब उद्घाटन से पहले ही एक होटल में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हालात तब और गंभीर हो गए जब होटल के भीतर बच्चों समेत कई लोगों के फंसे होने की सूचना मिली। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।

उद्घाटन की तैयारियां चल रही थीं, तभी भड़क उठीं लपटें

जानकारी के मुताबिक ग्रीन बोर्ड होटल में उद्घाटन से पहले अंतिम तैयारियां की जा रही थीं। संचालक और कर्मचारी आयोजन को लेकर व्यस्त थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई और देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया। होटल परिसर में चीख-पुकार मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर भागे और जिसने जो साधन पाया, उसी से आग बुझाने की कोशिश करने लगा।

क्रेन से किया गया रेस्क्यू, बच्ची झुलसी, महिला घायल

आग की लपटों ने होटल को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान होटल के अंदर मौजूद बच्चों और अन्य लोगों के फंसे होने की खबर से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। जब टीम को अंदर लोगों के फंसे होने की जानकारी मिली तो तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। क्रेन की मदद से लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में एक बच्ची झुलस गई, जबकि एक महिला घायल हुई है।

डीएम ने किया निरीक्षण, शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मथुरा सीपी सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है। डीएम ने बताया कि एक बच्ची झुलसी है और एक महिला घायल हुई है। उन्होंने कहा कि राहत की बात है कि कोई जनहानि नहीं हुई। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि प्रशासन ने सुरक्षा मानकों की जांच के संकेत दिए हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र