देश में गर्मी दस्तक देने को तैयार! 2-4°C तक बढ़ेगा तापमान, हिमाचल और कश्मीर में बारिश के आसार, यहां कोहरे का अलर्ट

फरवरी के बीच देश के मौसम में तेजी से बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। ठंड धीरे-धीरे कमजोर पड़ रही है और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में इजाफा देखने को मिलेगा, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी का एहसास बढ़ेगा। हालांकि, इसी बीच पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहने की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों के कुछ हिस्सों में कोहरे की चेतावनी भी जारी की गई है।
उत्तर-पश्चिम भारत में बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग ने 10 फरवरी को उत्तर-पश्चिम भारत के न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों के दौरान कई इलाकों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसका साफ संकेत है कि सर्दी अब धीरे-धीरे विदा लेने की तैयारी में है और दिन के समय धूप तेज होने लगेगी।
पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों पर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से 10 और 11 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मौसम करवट लेगा। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 10 फरवरी तक हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इस दौरान पहाड़ी इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे ठंड का असर कुछ समय तक बना रह सकता है।
इन राज्यों में कोहरे का अलर्ट
अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में सुबह और रात के समय घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा उत्तरी तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश में भी सुबह के वक्त घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
कई राज्यों में 10 डिग्री के आसपास तापमान
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, असम और मेघालय में न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में रिकॉर्ड किया गया है।

अब धीरे-धीरे कम होगी सर्दी
अगले कुछ दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी के साथ ठंड का असर कमजोर पड़ने की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक सुबह और रात की ठंड के बावजूद दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी का अहसास बढ़ेगा और मौसम साफ रहने की संभावना रहेगी।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा। राजधानी में 5 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है।
