लखनऊ में फ्रीलांस पत्रकार पर चापड़ से हमला! चोरी का आरोप लगाकर पीठ पर किया वार, जान से मारने की धमकी

WhatsApp Image 2026-07-29 at 5.34.50 PM

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में एक फ्रीलांस पत्रकार पर कथित रूप से जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि गुडंबा थाना क्षेत्र के टेढ़ी पुलिया पर एक युवक ने पहले पत्रकार पर चोरी का आरोप लगाया, फिर गाली-गलौज करते हुए चापड़ से हमला कर दिया। हमले में पत्रकार घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

टेढ़ी पुलिया पर हुई घटना

जानकारी के अनुसार विजय कुंज कॉलोनी, कल्याणपुर निवासी फ्रीलांस रिपोर्टर शिवकुमार पुत्र रामपाल रविवार 27 जुलाई 2026 को शाम करीब 7:30 बजे टेढ़ी पुलिया पर मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान पुरानी बस्ती, कल्याणपुर निवासी रोशन पुत्र संगम वहां पहुंचा और बिना किसी कारण उन पर चोरी का आरोप लगाने लगा।

विरोध करने पर चापड़ से किया हमला

पीड़ित के अनुसार जब उन्होंने आरोप का विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देते हुए चापड़ से उनकी पीठ पर हमला कर दिया। हमले में उनकी पीठ पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।

पुलिस को दी तहरीर, कार्रवाई की मांग

घटना के बाद घायल पत्रकार ने गुडंबा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर दी और कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पत्रकार संगठनों ने जताया विरोध

घटना की जानकारी मिलने के बाद विभिन्न पत्रकार संगठनों ने हमले की निंदा की है। संगठनों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही इसे पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए पुलिस से सख्त कदम उठाने की अपील की है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र