राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव के संकेत! आज की अहम बैठक में चंपत राय के इस्तीफे पर फैसला, नए महासचिव के नाम पर हो सकता है मंथन

champat-rai-4

अयोध्या: राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले के बाद श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की सोमवार को होने वाली बैठक पर देशभर की नजरें टिकी हुई हैं। विवाद के बाद आयोजित हो रही यह पहली बैठक कई महत्वपूर्ण फैसलों की वजह से बेहद अहम मानी जा रही है। माना जा रहा है कि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र के इस्तीफों पर विचार किया जाएगा, साथ ही संगठनात्मक ढांचे में बदलाव को लेकर भी चर्चा हो सकती है।

बैठक दोपहर 3 बजे जन्मभूमि परिसर स्थित यात्री सुविधा केंद्र में आयोजित होगी। सूत्रों के मुताबिक, यदि दोनों इस्तीफे स्वीकार कर लिए जाते हैं तो ट्रस्ट में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति का रास्ता खुल सकता है। ऐसे में महासचिव और ट्रस्टी पदों के लिए नए नामों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

महासचिव पद की दौड़ में आगे बताए जा रहे बजरंगलाल बागड़ा

ट्रस्ट में संभावित बदलावों के बीच विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री बजरंगलाल बागड़ा का नाम सबसे प्रमुख दावेदार के रूप में सामने आ रहा है। संगठन और प्रशासनिक अनुभव के चलते उन्हें महासचिव पद के लिए मजबूत उम्मीदवार माना जा रहा है। इसके अलावा कृष्णमोहन का नाम भी चर्चा में है।

बताया जा रहा है कि ट्रस्ट में रिक्त होने वाली सीटों पर नए चेहरों को शामिल करने पर भी विचार हो सकता है। विश्व हिंदू परिषद के इंद्रप्रस्थ क्षेत्र के संगठन मंत्री नीरज दौनेरिया का नाम भी संभावित ट्रस्टी के रूप में चर्चा में है।

चढ़ावा चोरी मामले की जांच रिपोर्ट भी होगी पेश

बैठक में चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच कर रही विशेष जांच टीम अपनी अंतरिम रिपोर्ट ट्रस्ट के समक्ष प्रस्तुत कर सकती है। इस मामले में अब तक कई आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच लगातार जारी है। ट्रस्ट इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की रणनीति पर विचार कर सकता है।

ऑडिट रिपोर्ट और प्रशासनिक सुधार भी एजेंडे में शामिल

बैठक के दौरान वित्त वर्ष 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट पर भी चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही मंदिर प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाने, नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति तथा अन्य प्रशासनिक विषयों पर भी निर्णय लिए जा सकते हैं।

कौन हैं बजरंगलाल बागड़ा?

राजस्थान के सीकर जिले से संबंध रखने वाले बजरंगलाल बागड़ा पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। वे सार्वजनिक और संगठनात्मक दोनों क्षेत्रों में लंबा अनुभव रखते हैं। एक प्रमुख सार्वजनिक उपक्रम के शीर्ष पद पर कार्य कर चुके बागड़ा बाद में विश्व हिंदू परिषद से सक्रिय रूप से जुड़े और वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। संगठन संचालन और वित्तीय प्रबंधन में उनकी विशेषज्ञता को देखते हुए उन्हें महासचिव पद के लिए प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र