केतन हत्याकांड में भावुक हुए मुख्य आरोपी सिया के पिता, बोले- अगर मेरी बेटी दोषी निकले तो उसे भी उसी खाई में फेंक दो
पुणे: महाराष्ट्र के चर्चित कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच आगे बढ़ने के साथ नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं। मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी की गिरफ्तारी के बाद अब सिया के पिता प्रवीण गोयल का भावुक बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में उनकी बेटी दोषी साबित होती है तो उसे भी उसी किले से नीचे फेंक दिया जाए, जहां से केतन अग्रवाल की मौत हुई थी।
‘केतन को दामाद नहीं, बेटा मानता था’
मीडिया से बातचीत के दौरान प्रवीण गोयल ने कहा कि केतन की मौत से अग्रवाल परिवार को जितना दुख पहुंचा है, उससे कहीं अधिक पीड़ा उन्हें भी हुई है। उन्होंने बताया कि वह केतन को अपना दामाद नहीं, बल्कि बेटे की तरह मानते थे। उन्होंने कहा कि जिसने भी इस घटना को अंजाम दिया है, उसे कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
‘अगर मेरी बेटी दोषी है तो उसे भी बख्शा न जाए’
प्रवीण गोयल ने कहा, “हमारे बेटे केतन की जान लेने वाले को सख्त सजा मिलनी चाहिए। यदि जांच में मेरी बेटी सिया भी दोषी पाई जाती है तो उसे भी उसी लोहागढ़ किले की चोटी से नीचे फेंक दिया जाए, जहां से केतन गिरा था।” उनका यह बयान सामने आने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
प्रेम प्रसंग के आरोपों पर बेटी का किया बचाव
केतन के पिता विशाल अग्रवाल द्वारा सिया पर लगाए गए कथित प्रेम संबंध और अश्लील चैटिंग के आरोपों पर प्रवीण गोयल ने अपनी बेटी का बचाव किया। उन्होंने कहा कि सिया केवल 19 वर्ष की एक सामान्य लड़की है और उन्हें चेतन चौधरी नाम के किसी युवक के बारे में पहले कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि न उन्होंने कभी चेतन को देखा, न उससे बात की और न ही घर में उसका कभी जिक्र हुआ।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि सिया और चेतन के बीच किसी तरह का संबंध था और इसकी जानकारी केतन को पहले से थी, तो उसे अपने परिवार को इसकी सूचना देनी चाहिए थी। ऐसा होने पर यह रिश्ता समय रहते रुक सकता था और शायद आज यह दुखद स्थिति सामने नहीं आती।
पुराने रिश्तों को याद कर छलक पड़े आंसू
प्रवीण गोयल बातचीत के दौरान भावुक हो गए और रो पड़े। उन्होंने कहा कि अग्रवाल परिवार से उनके वर्षों पुराने पारिवारिक संबंध रहे हैं और उन्हें पूरा विश्वास था कि नवंबर 2026 में होने वाली शादी के बाद उनकी बेटी एक अच्छे परिवार का हिस्सा बनेगी। उन्होंने बताया कि रिश्ता तय होने के बाद सिया हमेशा खुश रहती थी और केतन के साथ-साथ अपने होने वाले सास-ससुर की भी तारीफ करती थी। उन्होंने कहा कि इस एक घटना ने दोनों परिवारों की खुशियां छीन लीं और एक अनमोल रिश्ता हमेशा के लिए खत्म हो गया।
