जींस की पॉकेट पर लगे छोटे तांबे के बटन का राज जानिए! फैशन नहीं, मजबूती की है असली कहानी

Amazing Facts: कैज़ुअल आउटफिट की बात हो और जींस का जिक्र न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। लगभग हर किसी की अलमारी में ब्लू डेनिम जींस जरूर मिल जाएगी। समय के साथ फैशन ट्रेंड बदलते रहे—रेगुलर फिट से लेकर स्लिम फिट और टेपर स्टाइल तक—लेकिन एक चीज आज भी वैसी ही है: जींस की पॉकेट पर लगे छोटे तांबे के बटन। क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर ये छोटे-छोटे बटन किस काम आते हैं?
अमेरिका से शुरू हुआ जींस का सफर
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जींस की शुरुआत संयुक्त राज्य अमेरिका में हुई थी। 19वीं शताब्दी के मध्य में Levi Strauss ने इसे टिकाऊ कामकाजी कपड़ों के रूप में विकसित किया। सिलाई और तनाव वाले हिस्सों को मजबूत बनाने के लिए छोटे तांबे के रिवेट्स लगाए गए। बाद में यह परिधान अमेरिकी मजदूरों और चरवाहों के बीच लोकप्रिय हुआ और धीरे-धीरे पूरी दुनिया में फैशन का हिस्सा बन गया।
जींस में छोटी पॉकेट क्यों होती है?
आपने देखा होगा कि बड़ी जेब के अंदर एक छोटी सी पॉकेट भी बनी होती है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर @Dheerusingh25 नामक हैंडल से यही सवाल पूछा गया था, जिस पर लोगों ने अलग-अलग जवाब दिए। किसी ने कहा यह सिक्कों के लिए है, तो किसी ने इसे बेकार बताया।
हालांकि आम धारणा यह है कि यह छोटी जेब मूल रूप से पॉकेट वॉच यानी जेब घड़ी रखने के लिए बनाई गई थी। 19वीं शताब्दी में कलाई घड़ियों का प्रचलन नहीं था। लोग समय देखने के लिए जेब घड़ियां रखते थे। काम के दौरान घड़ी सुरक्षित रहे, इसलिए दर्जियों ने यह छोटी जेब बनाई थी।

पॉकेट पर लगे छोटे बटन आखिर क्यों होते हैं?
जींस की पॉकेट पर लगे छोटे बटन दरअसल ‘रिवेट’ कहलाते हैं। Facebook पर @TheUltimateQuotes नामक पेज की एक पोस्ट के मुताबिक, ये रिवेट केवल सजावट के लिए नहीं होते, बल्कि इनका काम कपड़े को मजबूती देना होता है। जेब और ज़िप जैसे तनाव वाले हिस्सों पर इन्हें लगाया जाता है ताकि कपड़ा हिलने-डुलने या वजन पड़ने पर फटे नहीं।
इतिहास के अनुसार, इन रिवेट्स का आविष्कार Jacob Davis ने किया था और 1873 में Levi Strauss के साथ मिलकर इसका पेटेंट कराया गया। उस दौर में जींस मुख्य रूप से खनिकों और मजदूरों द्वारा पहनी जाती थी, जिन्हें बेहद मजबूत कपड़ों की जरूरत होती थी। यही छोटे-छोटे धातु के स्टड आज भी आपकी जींस को सालों तक टिकाऊ बनाए रखने में मदद करते हैं।
