Mirzapur: The Film Release—बड़े पर्दे पर लौटेगा कालीन भैया का भौकाल, मुन्ना-गुड्डू के साथ सचिव जी की दबंगई, खूनी खेल के लिए तैयार मिर्जापुर
ओटीटी की दुनिया में आते ही तहलका मचाने वाली वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ अब सिनेमाघरों में दर्शकों के सामने भौकाल मचाने के लिए तैयार है। गालियों, सत्ता की जंग, खून-खराबे और यादगार किरदारों के दम पर ‘मिर्जापुर’ ने खुद को एक कल्ट फेनोमेनन के रूप में स्थापित किया। ओटीटी पर रिकॉर्डतोड़ लोकप्रियता हासिल करने के बाद अब मेकर्स इसे बड़े पर्दे पर लेकर आ रहे हैं। ‘मिर्जापुर: द फिल्म’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
पूरी हुई ‘मिर्जापुर: द फिल्म’ की शूटिंग
‘मिर्जापुर: द फिल्म’ का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था। तीन सफल सीजन के बाद दर्शक यह जानने को उत्सुक थे कि सिनेमाघरों में इस कहानी का रूप कैसा होगा। इसी बीच मेकर्स ने सोशल मीडिया के जरिए कन्फर्म कर दिया है कि फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, फिल्म का आखिरी शेड्यूल सफलतापूर्वक खत्म कर लिया गया है और अब यह प्रोजेक्ट पोस्ट-प्रोडक्शन फेज में पहुंच चुका है। इस अपडेट के सामने आते ही फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है।
मोस्ट अवेटेड फिल्मों में शामिल
‘मिर्जापुर: द फिल्म’ को लेकर बज का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसे ऑरमैक्स सिनेमैटिक्स की मोस्ट अवेटेड हिंदी फिल्मों की लिस्ट में जगह मिली है। यह साफ संकेत है कि दर्शक इस फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
कहानी पर सस्पेंस, स्केल होगा और बड़ा
फिल्म की कहानी को लेकर मेकर्स ने फिलहाल सस्पेंस बनाए रखा है। हालांकि इंडस्ट्री रिपोर्ट्स की मानें तो यह फिल्म या तो वेब सीरीज का प्रीक्वल हो सकती है या फिर उसी टाइमलाइन की एक अहम और बड़ी कहानी दिखा सकती है। यह भी कहा जा रहा है कि फिल्म का स्केल वेब सीरीज से कहीं ज्यादा भव्य होगा। मिर्जापुर की गद्दी के लिए सत्ता की जंग, खून-खराबा और और भी खूनी खेल बड़े पर्दे पर ज्यादा रॉ और इंटेंस अंदाज में पेश किया जाएगा।
स्टारकास्ट में लौटेंगे पुराने चेहरे, नए सितारों की एंट्री
फिल्म में ‘मिर्जापुर’ की जान माने जाने वाले किरदार एक बार फिर नजर आएंगे। पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा और अभिषेक बनर्जी फिल्म में अहम भूमिकाएं निभाते दिखेंगे। इसके साथ ही इस बार कुछ नए चेहरों की भी एंट्री होने वाली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जीतेंद्र कुमार और रवि किशन जैसे पॉपुलर स्टार्स भी फिल्म का हिस्सा होंगे, जो कहानी में नए ट्विस्ट और तड़का जोड़ेंगे।
पहले थिएटर, फिर OTT पर होगा धमाका
‘मिर्जापुर: द फिल्म’ पहले सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी और इसके बाद Amazon Prime Video पर स्ट्रीम होगी। मेकर्स का साफ प्लान है—पहले थिएटर में भौकाल और फिर ओटीटी पर दोबारा धमाका। यह फिल्म साल 2026 में रिलीज होगी। फिल्म को ‘मिर्जापुर’ के ओरिजिनल क्रिएटर पुनीत कृष्ण ने लिखा है, जबकि निर्देशन की कमान गुरमीत सिंह ने संभाली है। गौरतलब है कि ‘मिर्जापुर’ का पहला सीजन 2018, दूसरा 2020 और तीसरा सीजन 2024 में रिलीज हुआ था, जिन्हें दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला।
