राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में संतोष दुबे से एसआईटी की लंबी पूछताछ, आज सौंपेंगे आरोपों से जुड़े दस्तावेज

ram_mandir_santosh_dube_1783903420847_1783903426633_fcfdef71-e6f2-48a5-86a1-377aec408f0e

अयोध्या: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने हिंदू धर्मसेना प्रमुख और पूर्व जिला पंचायत सदस्य संतोष दुबे से रविवार को लंबी पूछताछ की। एसआईटी ने उनका बयान दर्ज किया और लगाए गए आरोपों से जुड़े दस्तावेजी साक्ष्य मांगे हैं। संतोष दुबे ने कहा है कि वह सोमवार को सभी रिकॉर्ड एसआईटी को उपलब्ध कराएंगे।

चंपत राय और ट्रस्ट पदाधिकारियों पर लगाए थे आरोप

संतोष दुबे ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी से लेकर जमीन सौदों तक ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और अन्य पदाधिकारियों पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। एसआईटी ने इन आरोपों को लेकर पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर कार्यालय में उनसे करीब आधे घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान एसआईटी सदस्य किरण एस ने आरोपों से जुड़े सवाल पूछे।

चोरी की रकम और पुराने मामलों को लेकर दी जानकारी

पूछताछ के दौरान एसआईटी ने संतोष दुबे से चढ़ावा चोरी के आरोपों और उनसे जुड़े रिकॉर्ड के बारे में जानकारी मांगी। संतोष दुबे ने मंदिर से चोरी गई रकम को लेकर सिलसिलेवार जानकारी दी। उन्होंने वर्ष 2002 में 1250 राम शिलाओं की चोरी से लेकर अब तक की घटनाओं का भी जिक्र किया।

संतोष दुबे ने एसआईटी को बताया कि वह अपने बयानों के समर्थन में सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने चढ़ावा चोरी के अलावा जमीनों की खरीद-फरोख्त को लेकर भी आरोप लगाए और रिकॉर्ड देने की बात कही।

एसआईटी ने मांगे आरोपों से जुड़े रिकॉर्ड

संतोष दुबे ने आरोप लगाया कि मंदिर में चोरी की घटनाएं लंबे समय से हो रही थीं और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके पास लगाए गए आरोपों से जुड़े सभी रिकॉर्ड सुरक्षित हैं, जिन्हें वह एसआईटी को भेजेंगे।

उन्होंने ट्रस्ट सदस्यों पर भी गंभीर आरोप लगाए और जमीन सौदों से जुड़े मामलों का ब्योरा एसआईटी के सामने रखा। पूछताछ के बाद संतोष दुबे ने बताया कि जांच टीम ने आरोपों से संबंधित दस्तावेज मांगे हैं।

आज लखनऊ भेजे जाएंगे दस्तावेज

संतोष दुबे ने बताया कि आरोपों से जुड़े सभी दस्तावेज सोमवार को लखनऊ भेज दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और यदि उनके आरोप गलत साबित होते हैं तो वह दंड भुगतने के लिए तैयार हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र