UP News: होली से पहले योगी सरकार का बड़ा तोहफा, 28 फरवरी को ही मिलेगी सैलरी और पेंशन

cm-yogi-adityanath-1772095133

होली से पहले उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा राहत पैकेज दिया है। राज्य सरकार ने आदेश जारी कर फरवरी माह का वेतन और पेंशन 28 फरवरी को ही जारी करने का निर्णय लिया है, ताकि त्योहार से पहले किसी को आर्थिक दिक्कत का सामना न करना पड़े।

28 फरवरी को जारी होगा वेतन और पेंशन

शासनादेश के अनुसार, सभी सरकारी कर्मचारियों को फरवरी का वेतन 28 फरवरी को जारी किया जाएगा। इसी दिन पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनधारकों के खाते में भी भुगतान कर दिया जाएगा। लगातार अवकाश को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

लगातार छुट्टियों के कारण बदली तारीख

सरकार की ओर से बताया गया है कि 1 मार्च को सामान्य अवकाश रहेगा, जबकि 2 मार्च को होलिका दहन के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश है। इसके अलावा 4 मार्च को होली का त्योहार है। लगातार छुट्टियों के चलते वेतन और पेंशन जारी करने में देरी की आशंका को देखते हुए भुगतान की तिथि पहले कर दी गई है। यह आदेश राज्यपाल की अनुमति से जारी किया गया है।

सभी जिलों को सख्त निर्देश, देरी बर्दाश्त नहीं

वित्त लेखा अनुभाग-1 की ओर से विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के कर्मचारी और स्थानीय निकायों के कार्मिक भी इस निर्णय के दायरे में शामिल होंगे। सभी जिलाधिकारियों और कोषाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि 28 फरवरी को वेतन, पेंशन और पारिवारिक पेंशन का भुगतान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। शासन ने कहा है कि किसी भी स्तर पर भुगतान में देरी नहीं होनी चाहिए।

स्कूल शिक्षा विभाग ने भी जारी किए आदेश

स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय को 2 मार्च से पहले वेतन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह आदेश उत्तर प्रदेश स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी की ओर से जारी किया गया है।

सरकार के इस फैसले से लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों को त्योहार से पहले बड़ी राहत मिलेगी और इस बार होली का त्योहार आर्थिक चिंता के बिना मनाया जा सकेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र