Weather Alert: 6 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश की चेतावनी, 40 किमी/घंटा तक चलेंगी हवाएं; पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार

Rain-Alert--1770768339384_v

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में ठंड का असर अब कमजोर पड़ने लगा है। सुबह हल्की सर्दी का एहसास जरूर हो रहा है, लेकिन दोपहर में तापमान बढ़ने के साथ ही मौसम सुहावना हो जा रहा है। इसी बीच वेस्टर्न डिस्टरबेंस की सक्रियता ने एक बार फिर उत्तर भारत के मौसम का मिजाज बदलने के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 11 फरवरी यानी आज उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश की संभावना है। इसके साथ तापमान में गिरावट और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।

6 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग का कहना है कि 13 से 17 फरवरी के बीच सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत को प्रभावित करेंगे। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत कुल 6 राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इस दौरान आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी बारिश के साथ तेज आंधी और बिजली गिरने का अनुमान है।

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 10 से 13 फरवरी तक मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है। हालांकि सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

यूपी, बिहार और झारखंड में असर कम
पश्चिमी विक्षोभ का उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड पर ज्यादा असर नहीं दिखेगा। इन राज्यों में मौसम सामान्य बना रह सकता है। न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विभाग ने प्रभावित राज्यों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर उन इलाकों में जहां आंधी, बिजली और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र