दिल्ली-NCR में कब बरसेंगे घने बादल? मौसम विभाग ने बताया झमाझम बारिश का समय, फिलहाल उमस से नहीं मिलेगी राहत

Rain-4-1784092314229_v

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। बुधवार को राजधानी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन इससे उमस भरी गर्मी से लोगों को खास राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अच्छी और व्यापक बारिश के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना होगा।

19-20 जुलाई के आसपास अच्छी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। हालांकि इस दौरान केवल छिटपुट बारिश की संभावना है। विभाग का अनुमान है कि दिल्ली-एनसीआर में अच्छी बारिश 19 और 20 जुलाई के आसपास होने की उम्मीद है।

तापमान 40 डिग्री से नीचे, लेकिन उमस रहेगी बरकरार

बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दिन का अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर बादलों की मौजूदगी के बावजूद बीच-बीच में तेज धूप निकलने से उमस लोगों को परेशान कर सकती है।

हवा की गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में

बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 159 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। एनसीआर के अन्य शहरों में भी हवा की गुणवत्ता संतोषजनक से मध्यम श्रेणी के बीच बनी हुई है। फिलहाल इसमें किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

अगले दो दिन बादल रहेंगे, धूप भी दिखाएगी असर

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि दोपहर के समय तेज धूप निकलने से उमस में बढ़ोतरी होने की संभावना है। पिछले एक सप्ताह से राजधानी में कभी तेज बारिश और घने बादल तो कभी तेज धूप के कारण मौसम लगातार बदलता रहा है।

बारिश और धूप के बीच बदल रहा मौसम

बीते दिनों रात में आंधी और बारिश के बाद मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिला, लेकिन अगले दिन फिर तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मंगलवार को भी दिनभर हल्के बादल छाए रहे, हालांकि दोपहर में तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस का असर अधिक महसूस किया गया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र