UPI से बिना बैलेंस भी कर पाएंगे पेमेंट, कोई जादू नहीं बल्कि क्रेडिट लाइन का कमाल; आसान भाषा में समझिए पूरा सिस्टम

नई दिल्ली। आज के डिजिटल दौर में छोटी चाय की दुकान से लेकर बड़े शोरूम तक, हर जगह UPI से भुगतान आम बात हो गई है। कुछ ही सेकंड में पेमेंट हो जाता है, लेकिन अक्सर लोगों को लगता है कि UPI से पैसे भेजने के लिए बैंक अकाउंट में बैलेंस होना जरूरी है। जबकि हकीकत यह है कि अब बिना खाते में पैसे होते हुए भी UPI से भुगतान किया जा सकता है। यह सुविधा क्रेडिट लाइन के जरिए मिलती है, जिसे बहुत कम लोग सही तरीके से जानते हैं।
क्या होती है UPI क्रेडिट लाइन, कैसे करती है काम
UPI क्रेडिट लाइन दरअसल एक तरह की डिजिटल उधार सुविधा है। यह बिल्कुल क्रेडिट कार्ड की तरह काम करती है, फर्क सिर्फ इतना है कि इसमें कार्ड की जरूरत नहीं होती। बैंक आपको एक तय लिमिट देता है, जिसके अंदर आप UPI के जरिए पेमेंट कर सकते हैं, चाहे आपके बैंक खाते में उस समय एक भी रुपया न हो। बाद में तय समय के भीतर आपको यह रकम बैंक को लौटानी होती है।
बिना बैंक बैलेंस के भी कैसे हो जाती है पेमेंट
जब आप UPI ऐप में क्रेडिट लाइन को लिंक कर लेते हैं, तो पेमेंट के समय आपको बैंक अकाउंट के साथ क्रेडिट लाइन का विकल्प भी दिखता है। अगर खाते में बैलेंस नहीं है, तो आप क्रेडिट लाइन से सीधे भुगतान कर सकते हैं। यानी पहले खर्च, बाद में भुगतान। यही वजह है कि इसे डिजिटल क्रेडिट भी कहा जाता है।
कौन-कौन से बैंक दे रहे हैं यह सुविधा
फिलहाल कई बड़े बैंक UPI क्रेडिट लाइन की सुविधा दे रहे हैं। प्राइवेट बैंकों में Axis Bank, HDFC Bank, ICICI Bank और Indian Bank शामिल हैं। वहीं सरकारी बैंकों की बात करें तो Punjab National Bank यानी PNB भी अपने ग्राहकों को यह सुविधा उपलब्ध करा रहा है। चूंकि यह उधार की सुविधा है, इसलिए इस पर ब्याज भी लिया जाता है।

ब्याज कब से लगता है, जानना जरूरी
अधिकांश बैंक क्रेडिट लाइन इस्तेमाल करते ही ब्याज जोड़ना शुरू कर देते हैं। वहीं कुछ बैंक ऐसे भी हैं, जो महीने के अंत में ब्याज कैलकुलेट करते हैं। इसलिए क्रेडिट लाइन एक्टिव करने से पहले ब्याज दर और शर्तें जरूर समझ लेना जरूरी है, ताकि बाद में कोई परेशानी न हो।
UPI ऐप में क्रेडिट लाइन कैसे करें लिंक
सबसे पहले किसी भी UPI ऐप का चुनाव करें। ऐप खोलने के बाद सर्च बार में Credit Line या Credit on UPI सर्च करें। इसके बाद Add Credit Line का विकल्प दिखाई देगा, जिस पर क्लिक करना होगा। अब उस बैंक का चयन करें, जिसमें आपका अकाउंट है और जहां से आपको क्रेडिट लाइन ऑफर की गई है। इसके बाद बैंक अकाउंट सिलेक्ट करें। आगे की प्रक्रिया में आधार के जरिए वेरिफिकेशन करना होगा। आधार नंबर डालें और आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर आए OTP को दर्ज करें। वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद आप अपनी सुविधा के अनुसार UPI PIN सेट कर सकते हैं। इसके बाद आपकी क्रेडिट लाइन UPI से लिंक हो जाएगी और आप बिना बैलेंस भी पेमेंट कर पाएंगे।
